2027 में यूपी में सपा की सरकार बनाना एक मात्र लक्ष्य : शिवपाल यादव

इटावा,  समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय महासचिव और वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर बड़ा हमला करते हुए कहा कि उनका एकमात्र लक्ष्य 2027 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार को हर हाल में काबिज करने का है।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव अपने निर्वाचन क्षेत्र जसवंतनगर में एक विवाह समारोह में शामिल होने के लिए पहुंचे थे। उन्होंने पत्रकारों से अनौपचारिक बात करते हुए कहा कि हमें किसी भी पद की कोई जरूरत नहीं है । उनका एक मात्र लक्ष्य यूपी में 2027 में सपा सरकार बनाने का है।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि हमें पद की कोई जरूरत नहीं है, हमें जिम्मेदारी मिली हुई है। अबकी बार 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनानी है और भारतीय जनता पार्टी की सरकार को उत्तर प्रदेश से बाहर करना है।

शिवपाल यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा के मंत्री और पदाधिकारी पैसा ले रहे हैं। आरएसएस के लोग भी पैसा ले रहे हैं। आउटसोर्सिंग की भर्तियों में लोगों से सीधा पैसा लिया जा रहा है। यहां तक कि चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की पोस्ट के लिए भी लोगों से पैसा वसूला जा रहा है। यह जनता के साथ नहीं होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि 18 प्रतिशत जीएसटी हो गई है। ठेकेदार को ठेके में 20 परसेंट देना पड़ता है, 12 परसेंट संस्थाओं को देते हैं। जेई से लेकर एक्सईएन तक सभी को पैसा चाहिए। कुल मिलाकर 40 परसेंट में काम क्या हो पाएगा। शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि हमारे पास सभी पद रहे हैं। हम नेता विरोधी दल भी रहे हैं, मंत्री भी रहे हैं। सरकारें बनाई भी हैं और बिगाड़ी भी हैं।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के हालात इतने बुरे हो चुके हैं कि हर ओर त्राहि त्राहि मची हुई है, जनता भारतीय जनता पार्टी से इतनी परेशान हो चुकी है कि अब उसने भारतीय जनता पार्टी की पूरी तरह से विदाई का मन बना लिया है। भारतीय जनता पार्टी की विदाई का मन बनाने वाली जनता समाजवादी पार्टी की सरकार को बनाने के लिए आतुर बनी हुई है।

उन्होंने कहा कि वह पूरे प्रदेश में भ्रमण करने में जुटे हुए हैं समाजवादियों के अलावा आम जनता से भी उनकी मेल मुलाकात बहुत अच्छे से हो रही है, जनता के लोग इस बात को स्वीकार करने में जुटे हुए हैं कि भारतीय जनता पार्टी के शासन में लोग बेहद परेशान है। कानून व्यवस्था को बुरी तरह से हास्य पर रख दिया गया है। सत्ता के इशारे पर जनता का जमकर के उत्पीड़न किया जा रहा है यह सब ऐसी बातें हैं जो भारतीय जनता पार्टी की विदाई की ओर इशारा करती हुई दिखाई दे रही है।

उन्होंने कहा कि उन्होंने समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को साफ-साफ संकेत दे दिया है कि आम जनमानस के बीच जाए उनसे मेल मुलाकात करें और उनकी तकलीफों को सुने और भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ मोर्चेबंदी पर खड़े होने के लिए उनको मनाये ।

Related Articles

Back to top button