गाजीपुर मामले पर अखिलेश यादव का योगी सरकार पर तंज,बयान बदलवाने से नहीं बदलता सच

लखनऊ,  समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गाजीपुर के करंडा कटरिया प्रकरण को लेकर प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि बयान बदलवाने से सच नहीं बदलता। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश ने इतना कमजोर मुख्यमंत्री कभी नहीं देखा, जो घोर अत्याचार के शिकार गरीब और बेबस पीड़ितों पर दबाव डालकर बयान बदलवाते हैं। श्री यादव ने रविवार को जारी बयान में कहा कि इस मामले में कई गंभीर सवाल अब भी अनुत्तरित हैं। उन्होंने पूछा कि एफआईआर दर्ज कराने में इतनी देर क्यों हुई, बयान क्यों बदलवाए गए, पीड़ित परिवार को और अधिक उत्पीड़ित क्यों किया जा रहा है, पुलिस पर पथराव करने वाले वर्चस्ववादी तत्वों के खिलाफ कार्रवाई करने से किसने रोका, तथा पोस्टमार्टम पर सवालिया निशान क्यों लगे।

उन्होंने कहा कि सच्चाई सबको मालूम है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट कुछ भी कहे, गांव के हर घर को जमीनी हकीकत पता है। लोग जानते हैं कि वास्तव में क्या हुआ और क्या कहलवाया जा रहा है। इससे गांव के हर समाज में भाजपा के झूठ की बात पहुंच गई है और पीडीए समाज में भारी गुस्सा तथा आक्रोश है।

अखिलेश यादव ने गाजीपुर की बेटी हत्याकांड की तुलना हाथरस की बेटी हत्याकांड से करते हुए कहा कि दोनों मामलों में एक समानता है। पीड़ित परिवार पीडीए समाज से थे और उत्पीड़क वर्चस्ववादी थे। उन्होंने कहा कि केवल दिखावटी कार्रवाई से पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिल सकता।

उन्होंने कहा कि इस अन्याय की मूल वजह समाज में मौजूद भेदभाव है। इसी कारण समाजवादी पार्टी केवल ‘न्याय का राज’ नहीं, बल्कि ‘सामाजिक न्याय का राज’ लाने की बात करती है। यही सबसे बड़ा लक्ष्य होना चाहिए। श्री यादव ने कहा कि ‘सामाजिक न्याय का राज’ लाने का पीडीए का मिशन आजादी के बाद की एक और ‘असली आजादी’ का आंदोलन है। यह ऐसी आजादी की बात है, जो लोगों के नजरिये को बदलने का प्रयास करती है। बराबरी एक भावना है, जो दुराव से नहीं बल्कि सच्चे लगाव से पैदा होती है।

उन्होंने कहा कि जिस दिन शोषक और शोषित का भेद समाप्त हो जाएगा और लोग मन से समता को स्वीकार कर लेंगे, वही दिन ‘असली आजादी’ लेकर आएगा। समाजवादी पार्टी इसी उद्देश्य के लिए संघर्षरत है और हर हाल में इस लड़ाई को जीतने के लिए प्रतिबद्ध है, चाहे इसमें साल लगें या सदी।

Related Articles

Back to top button