पीएसएल के लिए मुस्तफिज़ुर और नाहिद राणा को नहीं करेंगे रिलीज:बीसीबी

ढाका, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने गुरुवार को घोषणा की कि मुस्तफिज़ुर रहमान पाकिस्तान सुपर लीग के बाकी मैचों के लिए उपलब्ध नहीं होंगे, क्योंकि बोर्ड ने मेडिकल कारणों से उनका अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) रद्द कर दिया है। मुस्तफिज़ुर, जो चोट के कारण न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज के शुरुआती दो मैच नहीं खेल पाए थे, सीरीज के निर्णायक मैच में खेलते हुए उन्होंने पांच विकेट लेकर यादगार प्रदर्शन किया।
न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे वनडे के बाद, बीसीबी ने कहा कि वे मुस्तफज़ुर को रिलीज नहीं करेंगे। वह पीएसएल में लाहौर कलंदर्स टीम का हिस्सा थे। बीसीबी ने एक बयान में कहा, “ बंगलादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) यह सूचित करना चाहता है कि न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे एकदिवसीय के खत्म होने के बाद, टीम के मेडिकल स्टाफ ने राष्ट्रीय टीम के तेज गेंदबाज मुस्तफिज़ुर रहमान की हालत की जाच की है। यह फैसला लिया गया है कि खिलाड़ी की हालत का और ज़्यादा आकलन करने के लिए उसका तुरंत स्कैन किया जाएगा, जिसके बाद वह बीसीबी मेडिकल टीम की देखरेख में एक रिहैबिलिटेशन प्रोग्राम शुरू करेगा।”
उन्होंने कहा, “इस संबंध में, बोर्ड ने मुस्तफिज़ुर को पहले जारी किया गया अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) वापस ले लिया है। इसलिए, वह पीएसएल 2026 के बाकी मैचों में हिस्सा लेने के लिए उपलब्ध नहीं होगा।” बीसीबी ने यह भी बताया कि वे तेज गेंदबाज नाहिद राणा को भी पीएसएल 2026 के लिए रिलीज नहीं करेंगे। यह फ़ैसला राणा को अगले महीने पाकिस्तान के खिलाफ होने वाली आगामी टेस्ट सीरीज की तैयारी के लिए पर्याप्त समय देने के मकसद से लिया गया।





