Breaking News

पाक की नापाक हरकतों का देंगे मुंहतोड़ जवाब, जल्द निकालेंगे कश्मीर समस्या का हल- राजनाथ सिंह

मेरठ,  गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि कश्मीर मुद्दे का हल जल्द निकल जाएगा और इसके लिए प्रयास जारी हैं। सिंह ने कहा कि पाकिस्तान द्वारा भेजे गए आतंकवादियों द्वारा दो भारतीय सैनिकों के सिर काटने की बर्बरता का हमने समुचित जवाब दिया है। कश्मीर मसले का जल्द हल निकल जायेगा, जिसके लिए हरसंभव प्रयास जारी है।  एक कार्यक्रम में उन्होंने केंद्र सरकार के तीन वर्षों के कार्यकाल को सफल बताया और 47 मिनट के भाषण में भ्रष्टाचार, नोटबंदी, अर्थव्यवस्था, विदेश नीति, पाकिस्तान, कश्मीर विवाद, किसान फसल योजना, उज्ज्वला योजना, आर्थिक अर्थव्यवस्था, बेनाम संपत्ति, महंगाई, विकास दर, शिक्षा, आदिवासियों के उत्थान, कैशलैस, डिजिटल इंडिया, आतंकवाद, इसरो और सर्जिकल स्ट्राइक आदि का जिक्र किया।

उन्होंने कहा कि तीन वर्ष पहले भारत की जनता ने नरेन्द्र मोदी पर विश्वास जताया और पूर्ण बहुमत से संसद में पहुंचाया। जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी गरीबों के खाते खुलवा रहे थे तो कांग्रेसियों के माथे पर बल पड़ रहे थे। खाते खोलने का परिणाम है कि किसान, मजदूर और व्यापारी सभी की सब्सिडी उनके खाते में पहुंचती है। सरकारी कार्यालयों की परिक्रमा जनता के लिए कम हो गई है। उन्होंने कहा कि नोटबंदी हुई तो कांग्रेस ने कहा कि नोटबंदी भाजपा की कब्रगाह बन जाएगी। लेकिन परिणाम उलट हुआ, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में बहुमत मिला।

उज्ज्वला योजना में देश की पांच करोड़ महिलाओं को गैस सिलेंडर दिए गए। सिंह ने कहा कि सरकार ने अभी तक 3.52 लाख युवाओं को रोजगार मुहैया कराया है। ढाई हजार करोड़ एलईडी बल्ब विद्युत विभाग से जनता में वितरित कराए। गांवों को अब 18 घंटे और शहर को 23 घंटे अवरुद्ध बिजली आपूर्ति हो रही है। सिंह ने कहा कि किसानों के लिए किसान फसल बीमा योजना सुरक्षा कवच साबित हुआ है। किसान अपनी फसल कम दामों में बेचने को मजबूर था लेकिन देश की सभी मंडियों को इंटरनेट से जोड़कर किसान का बेटा अपनी फसल किसी भी मंडी में बेच सकता है। सिंह ने वादा किया कि 2022 तक किसानों की आमदनी दोगुनी होगी।