अखिलेश यादव ने कहा,भाजपा उसकी ‘एक्सपर्ट पार्टी’ बन गई है

कन्नौज, समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा को लोकतंत्र की ‘सीरियल किलर’ बताते हुए कहा है कि लोकतंत्र में वोट कैसे लूटा जाता है, भाजपा उसकी ‘एक्सपर्ट पार्टी’ बन गई है।

अखिलेश ने बुधवार को यहां संवाददाताओं से कहा कि भाजपा से निष्पक्ष चुनाव की उम्मीद करना अपने आपको धोखा देना होगा। उन्होंने कहा कि महंगाई की मार के साथ लोगों पर बेरोजगारी की भी मार पड़ रही है। लोग आत्महत्या कर रहे हैं।

अखिलेश ने कहा, “पेट्रोल-डीजल के दाम चुनाव के बाद बढ़ जाएंगे, हमने चुनाव से पहले कहा था, वही हो रहा है।” उन्होंने सपा कार्यकर्ताओं से कहा कि पूरे प्रदेश में वे भाजपा की साजिशों से सावधान रहें। जब से भाजपा सरकार बनी है बैंकों का ब्याज लगातार कम हो रहा है।

कानपुर में लॉकरों से गहनों की भी लूट होने लगी हैं। कन्नौज में कई साथी पर्चा नहीं भर पाए। एटा में पुलिस कप्तान और डीएम ने मिलकर पर्चा नहीं भरने दिया। फर्रुखाबाद के साथियों के साथ भी यही हुआ। भाजपा सरकार से बीडीसी, प्रधान सभी दुःखी है। समाजवादी पार्टी अपने प्रत्याशियों को जिताने की लड़ाई लड़ रही है।

अखिलेश ने भाजपा के 42वें स्थापना दिवस पर सभी भाजपा नेताओं द्वारा एक खास तरह की टोपी पहनने पर तंज कसते हुए कहा, “मुझे खुशी है उन्होंने लाल टोपी नहीं पहनी बल्कि आज कोई और टोपी पहन ली। सवाल यह है कि वे सिद्धांतों पर कैसे खडे रहेंगे? खाली टोली पहनने से कुछ नहीं होगा। जो लोग सपा की लाल टोपी पर न जाने क्या क्या कहते थे, आज खुद टोपी पहने बैठे हैं।”

उन्होंने कहा कि नौजवानों का भविष्य अंधकारमय है। राज्य में नई सरकार तो है नहीं, पुरानी सरकार ही सत्ता में आई हैं तो इसे बताना चाहिए कि नौजवानों को रोजगार कब मिलेगा? अच्छी डिग्री और अच्छी पढ़ाई करने के बाद भी नौजवान घर में बैठा है। वह भटक रहा है, आत्महत्या कर रहा है। अयोध्या जैसी जगह पर पांच साल की बेटी से दुष्कर्म की विचलित करने वाली घटना घटी। सरकार इस परिवार की क्या मदद करेगी?

Related Articles

Back to top button