वॉशिंगटन ,अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इन दिनों गूगल से नाराज हैं। उनकी शिकायत है कि गूगल उनकी छवि खराब कर रहा है। जिसके चलते वो दुनिया के सबसे बड़े सर्च इंजन के खिलाफ कार्रवाई करने की तैयारी में हैं। ट्रंप का कहना है कि जब से वो राष्ट्रपति बने हैं मीडिया उनके खिलाफ खबरें चला रहा है। उन्होंने कहा कि गूगल पर हमेशा उनके खिलाफ ही समाचार प्रकाशित किए जाते हैं और जान-बूझकर उनकी छवि को नुकसान पहुंचाने का काम किया जा रहा है। ट्रंप इससे पहले भी मेनस्ट्रीम मीडिया पर निशाना साधते रहे हैं।
अमेरिकी वेबसाइट यूएसए टुडे के मुताबिक अगर गूगल पर इडियट ढूंढते हैं तो सबसे पहले डोनाल्ड ट्रंप की तस्वीर सामने आती है। इसके चलते पहले से ही काफी बवाल हो चुका है। ट्रंप ने ट्वीट किया, ‘ गूगल सर्च रिजल्ट में ट्रंप न्यूज में सिर्फ फेक न्यू मीडिया के विचार और रिपोर्टिंग मिलते हैं। मैं अगर दूसरे शब्दों में कहूं तो ये लोग मेरे और कुछ दूसरे लोगों के लिए पूरी तरह से कट्टर हैं, इसलिए हमारे खिलाफ सभी खबरें आम तौर पर बुरी ही होती हैं। झूठा सीएनएन इनमें अव्वल है। रिपब्लिकन और कंजर्वेटिव मीडिया और निष्पक्ष मीडिया को चुप करा दिया जा रहा है। गैरकानूनी? 96% परिणाम ट्रंप न्यूज हमेशा नैशनल लेफ्ट-विंग मीडिया से, बहुत खतरनाक।
अमेरिका के प्रेजिडेंट इतने पर ही नहीं रुके। उन्होंने आगे लिखा कि गूगल और दूसरे अन्य कंजर्वेटिव की आवाज को दबाने के लिए काम कर रहे है। ये लोग अच्छी खबरों को पाठकों तक पहुंचने नहीं देते हैं। ये लोग इस पर भी नियंत्रण रख रहे हैं कि क्या हम देखें-पढ़ें और क्या नहीं। उन्होंने यह भी लिखा, ‘चेतावनी से पहले, यह बहुत खतरनाक स्थिति है और इस पर कुछ किए जाने की जरूरत है।’