Breaking News

सर्दियों के मौसम की पहली बारिश से भीगी राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली

delhiनयी दिल्ली,  राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज सुबह बारिश हुयी और न्यूनतम तापमान 13.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत से छह डिग्री सेल्सियस अधिक है। उत्तरी रेलवे के प्रवक्ता ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी में खराब मौसम के कारण 70 ट्रेनों के परिचालन में देरी हुयी तथा 16 ट्रेनों का समय पुन: निर्धारित किया गया और सात ट्रेनों को रद्द करना पड़ा।

हालांकि इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर हवाई यातायात प्रभावित नहीं हुआ। मौसम विभाग के अधिकारियों ने आज दिन में बादल छाये रहने तथा अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना जताई है। निजी एजेंसी स्काईमेट ने आज हुयी बारिश को सर्दियों में होने वाली बारिश का पहला हिस्सा बताया है। एजेंसी ने आज दिन में एक..दो बार और बारिश होने का अनुमान जताया है।

एजेंसी ने कहा, ‘‘मौसम रविवार तक साफ होने की संभावना है, लेकिन आसमान में बादल छाये रहेंगे। सोमवार तक राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में उत्तर पश्चिम से आने वाली ठंडी हवायें फिर से चलने लगेंगी।’’ स्काईमेट की रिपोर्ट के अनुसार, ‘‘इस प्रकार से रात के तापमान में गिरावट हो सकती है, जबकि अगले सप्ताह की शुरआत में जबर्दस्त ठंड उत्तर भारत के लगभग पूरे मैदानी इलाके को अपनी चपेट में ले सकती है। इस दौरान यहां का तापमान पांच डिग्री सेल्सियस के आसपास या इससे कम रहने की संभावना है।’’ राजधानी दिल्ली में कल का अधिकतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक है। कल यहां का न्यूतनम तापमान 11.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो इस मौसम के औसत तापमान से चार डिग्री सेल्सियस अधिक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *