Breaking News

बोकारों में मिला एक और कोरोना पॉजिटिव, झारखंड में संक्रमितों की संख्या हुई इतनी

रांची, झारखंड के बोकारो जिले में कोरोना संक्रमित एक और मरीज की पुष्टि होने के बाद राज्य में पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़कर 14 हो गई है।

आधिकारिक सूत्रों ने आज यहां बताया कि कल रात आई रिपोर्ट में बोकारो जनरल अस्पताल में भर्ती दिल्ली निवासी 35 वर्षीय एक व्यक्ति का कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया। इसके बाद बोकारों में पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़कर छह और राज्य में 14 हो गई है।

सूत्रों ने बताया कि जिले के चंद्रपुरा थाना क्षेत्र चंद्रपुरा स्टेशन के निकट पिपराडीह गांव की एक मस्जिद में 27 मार्च को दिल्ली से आकर ठहरे हुए सभी 14 लोगों को प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस ने चंद्रपुरा के निकट जमायत-ए-सालहीन मदरसा के हॉस्टल में बने क्वारंटाइन केंद्र में रखा है। लॉकडाउन के कारण वे वापस नहीं जा सके।

अनुमंडल पदाधिकारी प्रेम रंजन एवं पुलिस उपाधीक्षक एस.सी.झा ने बताया कि पिपराडीह मस्जिद में रुके हुए सभी लोग दिल्ली के अलग-अलग इलाके के रहने वाले हैं और 27 फरवरी से यहीं हैं। इनके बारे में मस्जिद कमेटी ने प्रशासन को कोई सूचना नहीं दी थी ।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार, राज्य में अबतक 1439 लोगों के सैंपल लिये गये हैं। इनमें से 1203 की रिपोर्ट निगेटिव आयी है। वहीं, 222 लोगों की रिपोर्ट अभी नहीं आयी है। कोरोना से सर्वाधिक प्रभावित राजधानी रांची है, जहां कोरोना संक्रमितों की संख्या सात है। इसके बाद बोकारो जिले में छह और हजारीबाग में एक कोरोना पॉजिटिव पाया गया है।