Breaking News

देश मे बिगड़ा मौसम का मिजाज, पारा 50 डिग्री पर, मौसम विभाग ने की ये भविष्यवाणी

नयी दिल्ली, देश मे मौसम का मिजाज बिगड़ रहा है। कुछ स्थानों पर तो तापमान 50 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।

उत्तरी और मध्य भारत में भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है और कुछ स्थानों पर तो तापमान 50 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। इस बीच दक्षिण-पश्चिम मानसून बंगाल की खाड़ी में आगे बढ़ रहा है जिससे त्रिपुरा में मानसून पूर्व बारिश हुई है।

राजधानी दिल्ली में बुधवार को अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस मौसम के औसत तापमान से छह डिग्री अधिक है। सफदरजंग और पालम में अधिकतम तापमान क्रमश: 45.9 और 47.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह कल के तापमान से मामूली कम रहा।

भारतीय मौसम विभाग ने बताया कि है कि उत्तर और मध्य भारत में अगले 24 घंटों में लू चलने का अनुमान है। अट्ठाइस मई को कहीं-कहीं हल्की बारिश होने के आसार हैं जिससे कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

कश्मीर घाटी से मिल रही रिपोर्ट के अनुसार वहां दिन में औसतन तापमान कुछ ज्यादा था लेकिन शाम को बारिश होने से मौसम सुहावना हो गया।

मौसम विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के बनने के कारण इस सप्ताह के अंत में घाटी में बारिश होने के आसार हैं। यहां अगले सप्ताह मौसम में सुधार होने का अनुमान है।

स्कीइंग रिसॉर्ट गुलमर्ग में पूरे दिन मौसम सुहावना बना रहा। वहां दिन भर सूरज की लुका-छिपी चलती रही। पिछले करीब तीन महीने से लॉकडाउन के कारण सन्नाटे से घिरे इस रिसॉर्ट में तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। यहां शाम को बारिश भी हुई।

पहलगाम स्थित विश्व विख्यात स्वास्थ्य रिसॉर्ट में बुधवार को अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक है। इस हेल्थ रिसॉर्ट में शाम को बादल छाने और बाद में बारिश होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली।

हरियाणा का हिसार देश के सर्वाधिक गर्म स्थानों में से एक रहा। यहां अधिकतम तापमान 48.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि उत्तरी राज्य राजस्थान में बुधवार को अधिकतम तापमान 49.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

पंजाब के बठिंडा में गर्मी का पिछले 20 वर्षों का रिकॉर्ड टूट गया और वहां अधिकतम तापमान 47.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लुधियाना में 44.2 अमृतसर में 43.5, जालंधर में 44 और पटियाला में 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 42.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। यह कल के तापमान से 0.1 डिग्री सेल्सियस रहा।
हिमाचल प्रदेश के ऊना में 43.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। शिमला में 26.2, कांगडा में 38.4, नाहन में 36.3, सोलन में 35.2 , कालपा में 23.3 ,सुंदरनगर में 39.1 ,भुंतर में 34 , धर्मशाला में 32.8 और मनाली में 25.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
शिमला, सोलन,सिरमौर, हमीरपुर, बिलासपुर, कुल्लू, मंडी और चांबा तथा कांगड़ा में आंधी आने से बिजली आपूर्ति बाधित हुई। तेज आंधी के कारण कुछ स्थानों पर पेड़ उखड़ गये।यहां 40.45 किलोमी प्रति घंटे के रफ्तार से तेज हवा चली जिससे आम और अन्य फलों की फसलों को नुकसान पहुंचा। आंधी आने के बाद हालांकि तापमान में कुछ गिरावट दर्ज की गयी जिससे भीषण गर्मी से परेशान लोगों को कुछ राहत मिली।
शिमला में आज 15, खरपाथेर में 12 ओर कुमारसेन और फागू में दो-दो मिलीमीटर बारिश हुई।
तेलंगाना में बुधवार को लू के थपेड़ों से बुरा हाल रहा। वहां हैदराबाद सहित कई शहरों में तापमान सामान्य से काफी अधिक रहा जिससे लोगों को बड़ी दुश्वारियों का सामना करना पड़ रहा है। पिछले कई दिनों से वहां भीषण गर्मी के कारण लोग बेहाल हैं।
अधिकारियों ने लोगों को दिन में बाहर न निकलने की सलाह दी है। यदि जरूरी काम से घर से निकलना पड़े तो सिर को कपड़े से अच्छी तरह ढक कर रखने का परामर्श जारी किया गया है।मौसम विभाग ने आज कहा है कि इलाके में 29 मई तक ऐसे ही हालात बने रहेंगे।
मौसम विभाग के बुलेटिन में तेलंगाना और रायलसीमा के कुछ दूर-दराज के इलाकों में 30 और 31 मई को आंधी आने का अनुमान जताया है। मौसम विभाग ने कहा है कि उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में 30 मई को 30.40 किलोमीटर की गति से झोंकेदार हवायें चलेंगी।
तेलंगाना के आदिलाबाद में 46.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। आंध्र प्रदेश के नांदयाल में अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।