दिनदहाड़े भाजपा नेता की गोली मारकर हत्या

धनबाद, झारखंड में धनबाद जिले के बैंकमोड़ थाना क्षेत्र में बुधवार को दिनदहाड़े अज्ञात अपराधियों ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता सतीश सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी।

पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि भाजपा नेता सतीश सिंह पैदल ही विकास नगर छठ तालाब के निकट एक अपार्टमेंट में जा रहे थे तभी पूर्व से घात लगाये मोटरसाइकिल सवार अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी। गोली लगते ही भाजपा नेता जमीन पर गिर गए। घटना को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी फरार हो गये।

मामले की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस तत्काल भाजपा नेता को लेकर स्थानीय अस्पताल पहुंची जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक श्री सिंह केंदुआ भाजपा मंडल के उपाध्यक्ष थे और कोयले की आउटसोर्सिंग का काम भी देखा करते थे। इस सिलसिले में संबंधित थाना में एक प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है। मामले की जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button