Breaking News

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा दो दिवसीय दौरे पर लखनऊ पहुंचे

लखनऊ, उत्तर प्रदेश में आगामी पंचायत चुनाव और अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारी और संगठन की मजबूती को परखने भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा गुरूवार शाम दो दिवसीय दौरे पर लखनऊ पहुंचे।

श्री नड्डा पूर्व निर्धारित कार्यक्रम से करीब छह घंटे की देरी से शाम करीब सात बजे लखनऊ के हवाई अड्डे पहुंचे जहां उनका स्वागत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने किया। इस मौके पर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और डॉ. दिनेश शर्मा के अलावा मंत्रिमंडल के अन्य सहयोगी मौजूद थे।

भाजपा के निर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर श्री नड्डा का यह पहला दौरा है। अपने प्रवास के दौरान वह पार्टी पदाधिकारियों और क्षेत्रीय अध्यक्षों के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद मंत्रियों के साथ उनकी मंत्रणा होगी। कोर कमेटी की बैठक भी बुलाई गई है।

श्री नड्डा के आने के बाद भाजपा कार्यालय में देर रात तक गहमागहमी बनी हुयी थी। भाजपा अध्यक्ष शुक्रवार 9.45 बजे चिनहट ग्रामीण (लखनऊ) मंडल की बैठक करेंगे। वह 11 बजे सीएमएस, विस्तार लखनऊ में महानगर और जिला के बूथ अध्यक्ष सम्मेलन को संबोधित करेंगे। दोपहर 12.30 बजे राष्ट्रीय अध्यक्ष पार्टी मुख्यालय में अवध और कानपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय पदाधिकारियों व जिलाध्यक्षों के साथ संगठन पर चर्चा करेंगे। दोपहर तीन बजे अवध क्षेत्र के भाजपा सांसदों और विधायकों के साथ बैठक है तो शाम चार बजे सोशल मीडिया वॉलंटियर्स को संबोधित करेंगे। श्री नड्डा शाम 5.30 बजे नड्डा इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन में शामिल होंगे।