Breaking News

आईएएस के हुये बंपर तबादले, जिलों के कलेक्टर भी बदले

भोपाल, मध्यप्रदेश सरकार ने आज भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के एक दर्जन से अधिक अधिकारियों के तबादला आदेश जारी किए, जिसके चलते आधा दर्जन जिलों के कलेक्टर भी प्रभावित हुए हैं।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार भोपाल नगर निगम आयुक्त विजय दत्ता को राज्य मंत्रालय में उप सचिव बनाया गया है। सिंगरौली कलेक्टर वी एस चौधरी कोलसानी भोपाल नगन निगम आयुक्त होंगे।

देवास कलेक्टर श्रीकांत पांडेय को राज्य मंत्रालय में अपर सचिव बना दिया गया है। श्री चंद्रमौली शुक्ला देवास के नए कलेक्टर होंगे। श्री शुक्ला अभी तक औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग में उप सचिव थे। योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग के उप सचिव आलोक कुमार सिंह धार कलेक्टर होंगे। धार कलेक्टर श्रीकांत बनोठ को राज्य शासन में उप सचिव बनाया गया है। सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्यम के संचालक इलैयाराजा टी को रीवा कलेक्टर के रूप में स्थानांतरित किया गया है।

मंडला कलेक्टर जगदीश चंद्र जटिया को राज्य शासन में उप सचिव पदस्थ किया गया है। भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास विभाग के संचालक वेदप्रकाश नरसिंहपुर कलेक्टर होंगे। नरसिंहपुर कलेक्टर दीपक सक्सेना को राज्य मंत्रालय में उप सचिव बनाया गया है।

लोक निर्माण विभाग के उप सचिव अनिल कुमार खरे को मंडला कलेक्टर पद की जिम्मेदारी सौंपी गयी है। रीवा कलेक्टर बसंत कुर्रे को राज्य मंत्रालय में उप सचिव के रूप में स्थानांतरित किया गया है। आगरमालवा कलेक्टर संजय कुमार को राज्य मंत्रालय में उप सचिव बनाया गया है। मध्यप्रदेश ऊर्जा विकास निगम के प्रबंध संचालक राजीव रंजन मीना को सिंगरौली कलेक्टर के रूप में और मुख्यमंत्री सचिवालय में उप सचिव अवधेश शर्मा को आगरमालवा कलेक्टर पदस्थ किया गया है।