मुजफ्फरनगर , राष्ट्रीय लोकदल अध्यक्ष चौधरी अजित सिंह ने बड़ा दावा किया है। उन्होने कहा कि यदि लोकसभा चुनाव के पहले विपक्ष का गठबंधन हुआ तो भाजपा का सूपड़ा साफ हो जायेगा। उन्होने कहा कि लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को हराने के लिए समान विचारधारा के दलों का गठबंधन जरूरी है।
मुस्लिम जाट समीकरण के जरिए पश्चिमी उत्तर प्रदेश में रालोद को मजबूत करने के उद्देश्य से दो दिवसीय प्रवास पर मुजफ्फरनगर आये चौधरी अजित सिंह ने संवाददाताओं से कहा कि भाजपा की कथनी और करनी मे फर्क है। यही कारण है कि हर वर्ग इनकी कारगुजारी से त्रस्त है और इस पार्टी से छुटकारा चाहता है।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने देश की राजनीति को खराब किया है। उनका कहना है कि वर्ष 2013 मे मुजफ्फरनगर दंगों में भाजपा ने देश की राजनीति को बिगाड़ दिया था। अब यहीं से राजनीति में सुधार किया जाएगा। भाजपा सरकार को केन्द्र में आये करीब चार साल होने को हैं और सिर्फ हिन्दुत्व का राग अलापने के अलावा इन लोगों ने कुछ नहीं किया है।
चौधरी अजित सिंह ने कहा कि भाजपा को रोकने के लिए समान विचारधारा वाले राजनीतिक दलों का गठबंधन ही मजबूत विकल्प है। यदि लोकसभा चुनाव के पहले विपक्ष का गठबंधन हुआ तो इनका सफाया हो जायेगा। प्रदेश की 80 सीटों में से भाजपा को एक भी सीट नसीब नहीं हो पायेगी। उन्होंने कहा कि अभी चुनाव में काफी समय है और किस दल का किसके साथ गठबंधन होगा इस पर अभी टिप्पणी नहीं की जा सकती लेकिन यह निश्चित है कि यदि चुनाव से पूर्व समय रहते विपक्षी दलों का गठबंधन हुआ तो भाजपा का सूपड़ा साफ हो जायेगा।