Breaking News

संविदा कर्मचारियों को मिलेंगी, अब अन्य कर्मचारियों की तरह सुविधाएं

नई दिल्ली,   संविदा कर्मचारियों को भी अन्य सरकारी कर्मचारियों की तरह सुविधाएं दी जायेंगी। राजधानी में आयोजित एक सभा में यह बात मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कही।

कर्मचारियों की बात करते हुए उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को सातवां वेतनमान दिया जा रहा है। कांग्रेस के शासनकाल में कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया था। भाजपा ने मध्यप्रदेश में कर्मचारियों के साथ कभी ऐसी स्थिति नहीं बनने दी। अब संविदा कर्मचारियों के हितों में बड़ा निर्णय लेते हुए उन्हें भी अन्य कर्मचारी की तरह सुविधाएं देंगे।

इसी बीच कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष कमलनाथ ने शिवराज सिंह चौहान के संविदा कर्मचारियों के बारे में दिए इस वक्तव्य पर हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश के जिन संविदाकर्मियों की मांगों को सरकार ने पूरे पांच साल भुलाए रखने के बाद घोषणा पत्र में भी भुला दिया। उनसे अब चुनाव के पांच दिन पूर्व झूठा वादा किया गया है।

शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल उत्तर, नरेला, भोपाल मध्य और दक्षिण पश्चिम विधानसभाओं से भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशियों क्रमश फातिमा रसूल सिद्दीकी, विश्वास सारंग, सुरेंद्र नाथ सिंह अौर उमाशंकर गुप्ता के समर्थन में चुनाव प्रचार करते हुए सभाओं को संबोधित किया।

इस दौरान उन्होंने भोपाल की जनता से आह्वान किया कि भोपाल में भाजपा प्रत्याशियों को रिकॉर्ड मतों से जिताएं, सरकार भोपाल में विकास के रिकॉर्ड बनाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि भोपाल गंगा.जमुनी तहजीब का शहर है। यहां की शांति इसी तरह हमेशा कायम रहे।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस ने भोपाल शहर के लिए कुछ नहीं किया। उनके कार्यकाल में न कॉलोनियों में सड़कें थीं न लोगों को दोनों समय पानी मिल पाता था। अब भोपाल देश के सभी शहरों में स्वच्छता के मामले में दूसरे नंबर पर है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल उत्तर विधानसभा में प्रत्याशी फातिमा रसूल सिद्दीकी के समर्थन में रोड शो भी किया।
नरेला विधानसभा में मुख्यमंत्री की उपस्थिति में निर्दलीय प्रत्याशी हरीश गुप्ता ने अपना समर्थन भाजपा प्रत्याशी श्री सारंग को देने की घोषणा की।