Breaking News

मृत मिले तेंदुए के शव का हुआ दाह संस्कार

बैतूल, मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के दक्षिण वन मंडल (सामान्य) के मोर्शी रेंंज में आज एक उम्र दराज तेंदुए के शव का पोस्टमार्टम करने के बाद उसका दाह संस्कार किया गया।

मुलताई के अनुविभागीय अधिकारी (एसडीओ) आशीष बंसोड़ ने बताया कि दक्षिण वन मंडल (सामान्य) के मोर्शी रेंज में सालबर्डी शिव गुफा के पास कल एक तेंदुए का शव मिला था, जिसकी संभवत: 2-3 दिन पहले मौत हो गयी थी। तेंदुए की उम्र लगभग 12 से 15 वर्ष के बीच थी। आज होशगांबाद से आए प्रभारी मुख्य वन संरक्षक (सीसीएफ) के. के. भारद्वाज, दक्षिण वन मंडल (सामान्य) के वनमंडल अधिकारी (डीएफओ) पी. डी. गेब्रियाल की मौजूदगी में पशु चिकित्सकों ने उसके शव का पोस्टमार्टम किया। इसके उपरांत नियमों के तहत शव का दाह संस्कार किया।

एसडीओ ने बताया कि उम्र दराज तेंदुए के शरीर पर कोई चोट के निशान नहीं मिले। तेंदुए की मौत के वास्तविक कारण जानने के लिए बिसरा जांच के लिए जबलपुर या हैदराबाद वन विभाग की प्रयोगशाला में भेजा जाएगा। होशगांबाद से आए डॉग स्कवाड ने भी दूसरे दिन जंगल में सर्चिंग की।