Breaking News

हिमपात व भूस्खलन से लगातार दूसरे दिन भी, समूचे देश से कटी रही कश्मीर घाटी

श्रीनगर,  विभिन्न जगहों पर हिमपात और भूस्खलन के कारण 270 किलोमीटर लंबे श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग के बंद रहने के साथ-साथ सोमवार को लगातार दूसरे दिन कश्मीर घाटी समूचे देश से कटी रही।

यातायात पुलिस के एक अधिकारी ने यहां ‘यूनीवार्ता’ को बताया कि जवाहर सुरंग, शैतान नाला और बनिहाल की दोनों तरफ हुयी ताजा बर्फबारी के कारण श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग रविवार को बंद रहा। सुरंग के कश्मीर वाले हिस्से में लगभग तीन फीट बर्फ, जबकि जम्मू वाले हिस्से में दो फीट तक बर्फ जमा हो गयी। इस बीच आवश्यक सामान ले जाने वाले वाहनों सहित बड़ी संख्या में वाहन राजमार्ग पर पर फंसे हुये हैं।

उन्होंने बताया कि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) और सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) ने राजमार्ग से बर्फ और पत्थरों को हटाने के लिये कर्मचारियों को परिष्कृत मशीनों के साथ काम पर लगा दिया है। काम पूरा होने के बाद फंसे हुये वाहनों को आगे बढ़ने की अनुमति दी जायेगी। पहले जवाहर सुरंग और बनिहाल के बीच फंसे जम्मू की ओर जाने वाले वाहनों को अनुमति दी जायेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि आगामी कुछ दिनों के दौरान राजमार्ग पर और अधिक हिमपात और बारिश हो सकती है, जो आवागमन को बाधित कर सकता है।

फंसे हुये यात्रियों ने बनिहाल से फोन पर बताया कि स्थानीय लोगों ने उन्हें अपने घरों में आश्रय दिया है। यहां बुजुर्गों के अलावा महिलाओं और बच्चों सहित लगभग 400 यात्री फंसे हुये हैं। स्थानीय निवासी फंसे हुये यात्रियों को आवास के साथ-साथ भोजन और अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध करा रहे हैं। फंसे हुये यात्रियों ने मांग की है कि उन्हें कश्मीर तक पहुंचने के लिये नव निर्मित बनिहाल-काजीगुंड सुरंग का इस्तेमाल करने की अनुमति दी जाये। इस सुरंग को मार्च में राष्ट्र को समर्पित किये जाने की उम्मीद है।