Breaking News

नहीं रहें भजन सम्राट नरेंद्र चंचल, दिल्ली के अपोलो हॉस्पिटल में ली अंतिम सांस

नई दिल्ली , भजन सम्राट और जगराता में माता के भजन गायिकी के लिए मशहूर नरेंद्र चंचल का दिल्ली के अपोलो अस्पताल में लम्बी बीमारी के बाद आज निधन हो गया. नरेंद्र चंचल 80 साल के थे।

उम्र के लिहाज से बढ़ती कमजोरी के चले वे पिछले दो महीने से अपोलो अस्पताल‌ में भर्ती थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक आज दोपहर सवा 12 बजे के करीब उन्होंने अंतिम सांस ली।

उनके गानों की बात करें तो उनकी हिट लिस्ट में ‘चलो बुलावा आया है’ और ‘ओ जंगल के राजा मेरी मैया को लेके आजा’ जैसे गाने शामिल हैं।

क्रिकेटर हरभजन सिंह ने नरेंद्र चंचल के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने लिखा- ये जानकर बहुत बहुत दुख हुआ कि प्रतिष्ठित और सबसे ज्यादा प्यारे नरेंद्र चंचल हमें छोड़कर चले गए। उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना। उनके परिवार के प्रति हार्दिक संवेदना। दलेर मेहंदी ने भी उनके निधन पर दुख जाहिर किया।

बता दें कि नरेंद्र चंचल पिछले कई दशकों से कीर्तन और जगरातों की दुनिया में सक्रिय थे। उन्होंने राज कपूर की फिल्म बॉबी में ‘बेशक मंदिर मस्जिद तोड़ो’ गाना गाया। ये गाना आज भी लोगों की जुबान पर रहता है। इस गाने से उन्हें पहचान मिली।नरेंद्र ने 1974 में बेनाम फिल्म में ‘मैं बेनाम हो गया’ सॉन्ग गाया। 1974 में ही उन्होंने रोटी कपड़ा और मकान में ‘बाकी कुछ बचा तो महंगाई मार गई’ गाने को आवाज दी।
नरेंद्र ने फिल्म ‘आशा’ 1980, में ;तूने मुझे बुलाया’ सॉन्ग गाया, जो काफी हिट हुआ था। इसके बाद 1983 में फिल्म अवतार के लिए उन्होंने भजन ‘चलो बुलावा आया है’ गाया ।ये शबाना आजमी और राजेश खन्ना पर फिल्माया गया था।

इसके अलावा उन्होंने 1985 में फिल्म काला सूरज के लिए ‘दो घूंट पिला दे’ और 1994 में फिल्म अनजाने के लिए ‘हुए हैं कुछ ऐसे वो हमसे पराए’ सॉन्ग गाया।

आपको बता दें मार्च 2020 में नरेंद्र चंचल का एक वीडियो वायरल हो हुआ था। इसमें वे मां दुर्गा का एक भजन गाते दिखे थे। इसमे वे मां दुर्गा का एक भजन गाते दिखे थे। इसमें उन्होंने कोरोना का भी जिक्र किया था। नरेंद्र चंचल द्वारा जगराते में गाया गया उनका वीडियो लोगों के बीच काफी पॉपुलर हुआ। इसमें उन्होंने गाया कि डेंगू भी आया और स्वाइन फ्लू भी आया, चिकन गोनिया ने शोर मचाया, कित्थे आया कोरोना?