Breaking News

भोजपुरी सिनेमा के प्रसिद्ध संगीतकार धनंजय मिश्रा का निधन

मुंबई, भोजपुरी सिनेमा के प्रसिद्ध संगीतकार धनंजय मिश्रा का आज निधन हो गया।
उत्तर प्रदेश के गाजीपुर के रहने वाले धनंजय मिश्रा ने भोजपुरी के अलावा टॉलीवुड इंडस्ट्री में भी हाथ आजमाया।

मनोज तिवारी का सुपरहिट गाना ‘रिंकिया के पापा’ धनंजय मिश्रा ने ही कंपोज किया था। आज भी दर्शकों द्वारा इसे खूब पसंद किया जाता है। इसके अलावा भोजपुरी स्टार पवन सिंह के ज्यादातर गाने धनंजय मिश्रा ने ही कंपोज किए है। धनंजय ने कई भोजपुरी फिल्मों के लिए संगीत दिया जिनमें- लव मौरिज, जय वीरू, दबंग सरकार, संघर्ष, नागराज, कसम पैदा करने वाले की, भूमिपुत्र, दरोगा जी चोरी हो गईल, श्रीमना ड्राइवर बाबू जैसे फिल्में शामिल हैं।

धनंजय मिश्रा की मौत की खबर सुनकर पूरी भोजपुरी इंडस्ट्री सदमे में है। सोशल मीडिया पर भोजपुरी फिल्मों के स्टार और उनके प्रशंसक उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।

दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ धनंजय मिश्रा के निधन से बेहद दुखी हैं। वह लिखते हैं, “जबसे दुःखद समाचार मिला है, उनकी आवाज कानों में गूंज रही है। भाइजी, एगो सेल्फ़ी ले ला, पोस्ट करे के काम आई, स्तब्ध हूं, निःशब्द हूं। ओम शांति धनंजय भइया। भगवान दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे।”

आम्रपाली दुबे ने लिखा, “दुखद निधन। भगवान इनकी आत्मा को शांति दे। हमारे जाने-माने म्यूजिक डायरेक्टर और अच्छे मित्र धनंजय मिश्रा जी अब हमारे बीच नहीं रहे।” रानी चटर्जी ने लिखा, “आप हमेशा मेरी अच्छी यादों में रहेंगे। आपने हमेशा एक बच्चे की तरह प्यार दिया। आपके साथ खाना बनाना सीखा और जब डबिंग से मैं घबरा रही थी तो आपने ही माइक पर खड़ा किया और कहा कि तुम कर लोगी। ये सारी बातें कभी भुलाई नहीं जा सकतीं। धनंजय मिश्रा जी, भगवान आपकी आत्मा को शांति दे। अच्छे लोग जल्दी चले जाते हैं।”

खेसारी लाल यादव को भी धनंजय मिश्रा के निधन का झटका लगा है। उन्होंने लिखा, “बहुत दुखद समाचार भोजपुरी के महान संगीतकार धनंजय मिश्रा जी अब हमारे बीच नहीं रहे। धनंजय भइया आप हमेशा याद आएंगे, इस दुख की घड़ी में मैं धनंजय भइया के परिवार के साथ हूं। भगवान उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे।” अक्षरा सिंह ने लिखा, “जीवन का कोई भरोसा नहीं। भोजपुरी इंडस्ट्री आज फिर एक हीरा खो बैठी। एक बेहद संवेदनशील, नेक दिल, बेहद गुणी और अच्छे इंसान थे। बहुत तकलीफ हो रही है। भगवान आपकी आत्मा को शांति दे।”

अंजना सिंह ने लिखा , “ईश्वर आपकी आत्मा को शांति दे और आपके परिवार को इस विपत्ति से लड़ने की शक्ति दे। ओम् शांति धनंजय सर।” मनोज तिवारी ने गहरा दुख जताते हुए कहा है, “हमारे छोटे भाई और वर्तमान भोजपुरी इंडस्ट्री के बड़े संगीतकार धनंजय मिश्रा का यू जाने से मुझे झटका लगा। मैंने अपने करियर में 4500 गाने गाए जिनमें 1500 गानों का संगीत धनंजय मिश्रा ने दिया था। एक चमकती-मुस्कुराती प्रतिभा का निधन… दुआएं, प्रार्थनाएं और शोक संवेदनाएं।”

भोजपुरी सिनेमा के मेगास्टार और सांसद रवि किशन ने धनंजय मिश्रा के आकस्मिक मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। रवि किशन ने कहा, “मैं एक सांसद होने के साथ-साथ कलाकार भी हूं और कलाकारों का सम्मान हमारे लिए सर्वोपरि है। धनंजय मिश्रा जी ने कई फिल्मों में मेरे लिए संगीत दिया था, आज उनकी आकस्मिक मृत्यु से मुझे गहरा आघात पहुंचा है। मैं उनके साथ बिताए हुए अविस्मरणीय पल को कभी भी भूल नहीं सकता। मैं जब भी उनसे मिलता था तो वह हंसमुख स्वभाव के और व्यक्तित्व के धनी आदमी थे। उनकी आकस्मिक मृत्यु ने मुझे झकझोर कर रख दिया है।

भोजपुरी फिल्म जगत को बहुत बड़ा आघात पहुंचा है। मैं भोलेनाथ से उनकी आत्मा की शांति की प्रार्थना करता हूं।”

पवन सिंह ने कहा, “बहुत दुखद समाचार भोजपुरी सिनेमा के महान संगीतकार धनंजय मिश्रा जी आज हमारे बीच नहीं है। दुख की इस घड़ी में मैं धनंजय भइया के परिवार वालों के साथ हूं। भगवान उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें।”

काजल राघवानी ने धनंजय मिश्रा के निधन पर शोक व्यक्त किया है। इंस्टा्ग्राम पर वीडियो को साझा करते हुए कैप्शन में काजल ने लिखा, “निश्चय ही यह एक बहुत दुखद सूचना है! कम उम्र में उनका यूं जाना पीड़ित करता है! इंडस्ट्री को उनकी कमी हमेशा सालती रहेगी! मेरी विनम्र श्रद्धांजलि! भगवान उनकी आत्मा को शांति दे। और इस कठिन समय में उनके परिवार को दुख सहने का सामर्थ्य प्रदान करे।”