चंडीगढ़, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने राज्य की भारतीय जनता पार्टी और जननायक जनता पार्टी गठबंधन की 19 दिन पुरानी
सरकार का विस्तार करते हुये इसमें छह कैबिनेट स्तर और चार राज्य स्तर के मंत्रियों को शामिल किया है।
मंत्रिपरिषद में कैबिनेट मंत्रियों में भाजपा कोटे से पांच और तीन राज्य मंत्री बनाये गये हैं। वहीं एक निर्दलीय विधायक को कैबिनेट तथा जजपा
कोटे से एक राज्य मंत्री बनाया गया है। कैबिनेट मंत्रियों के रूप में भाजपा के अम्बाला कैंट से विधायक अनिल विज, कंवरपाल गुर्जर(जगाधरी),
मूलचंद शर्मा(बल्लभगढ़), जयप्रकाश दलाल(लोहारू) और डा. बनवारी लाल(बावल) तथा रानिया से निर्दलीय विधायक रणजीत सिंह ने शपथ
ग्रहण की। वहीं राज्य मंत्री के रूप में भाजपा के ओम प्रकाश यादव(नारनौल), कमलेश ढांडा(कलायत) और हॉकी इंडिया के पूर्व कप्तान
संदीप सिंह(पेहवा) तथा जजपा के उकलाना से विधायक अनूप धानक ने शपथ ग्रहण की।
आज राजभवन में आयोजित एक समारोह में राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य ने इन मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण कराई।
इस अवसर पर श्री खट्टर के अलावा उप मुख्यमंत्री एवं जजपा नेता दुष्यंत चौटाला, केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज मंत्री नरेंद्र तोमर,
भाजपा के प्रदेश मामलों के प्रभारी डा. अनिल जैन, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुभाष बराला, विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता तथा अन्य गणमान्य
अतिथि मौजूद थे। मुख्य सचिव केशनी आनंद अरोड़ा से शपथ ग्रहण समारोह का संचालन किया।
Back to top button