Breaking News

जानिए वॉशिंगटन रवाना होने से पहले क्यों भावुक हुए बाइडेन !

वॉशिंगटन, अमेरिका के 46वें राष्ट्रपति के तौर पर आज शपथ ग्रहण करने जा रहे जो बाइडेन डेलावेयर से वॉशिंगटन रवाना होने से पहले भावुक नजर आए। जनता को संबोधित करते हुए कई बार उनके आंसू छलके. खुद को डेलावेयर का बेटा बताते हुए बाइडेन ने उम्मीद जताई कि देश पर छाया मौजूदा अंधेरा जरूर छंटेगा। उन्होंने कहा कि वह उपराष्ट्रपति कमला हैरिस के साथ मिलकर हालात बदलेंगे। बता दें कि मुख्य न्यायाधीश जॉन रॉबर्ट्स 12 बजे (भारतीय समयानुसार रात 10.30 बजे) संसद भवन के वेस्ट फ्रंट में बाइडेन को राष्ट्रपति पद की शपथ दिलाएंगे।

अपने गृह राज्य डेलावेयर छोड़ने से पहले जो बाइडेन ने राज्य की जनता को संबोधित किया। इस दौरान वह कई बार भावुक नजर आए। उन्होंने कहा, मुझे पता है कि इस वक्त हम मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं, लेकिन यह अंधेरा जरूर छंटेगा’। खुद को डेलावेयर का बेटा बताते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि इस राज्य का नाम मेरे दिल पर लिखा है, यहां से मुझे जो प्यार, सम्मान मिला है उसे मैं कभी नहीं भूल पाऊंगा। बाइडेन ने आगे कहा कि अमेरिका में एक नई शुरुआत होने जा रही है। मैं और उपराष्ट्रपति कमला हैरिस मिलकर हालात बदलेंगे।