अयोध्या की तरह यूपी के एक और जिले में मनाये जाते हैं श्रीराम से जुड़े सभी उत्सव

झांसी: अयोध्या की तरह ओरछा में मनाये जाते हैं राजाराम से जुड़े सभी उत्सव

लखनऊ, अयोध्या की तरह यूपी के एक और जिले में श्रीराम से जुड़े सभी उत्सव मनाये जाते हैं। उत्तर प्रदेश के झांसी के निकट ओरछाधाम में भगवान राम, राजा के रूप में विद्यमान हैं और अयोध्या के बाद यह महाराजा राम का वह मंदिर है जहां उनसे जुड़े सभी उत्सव धूमधाम से मनाये जाते हैं।

आचार्य वीरेन्द्र बिदुआ ने मंगलवार को बताया कि ओरछाधाम में अयोध्या की तरह ही भगवान राजा श्रीराम का हर उत्सव धूमधाम से मनाया जाता है। अयोध्या की तरह ही यहां पर कनक भवन है। सरयू की तरह यहां बेतवा है,जिसकी सुंदरता शब्दों में बखान नहीं की जा सकती है। महाराज राम की ओरछा नगरी अकल्पनीय रोमांच से भरी है और यहां भगवान राम की स्थापना एक राजा के रूप में हुई है और इसी कारण उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाता है।

मंदिर के पूर्व पुजारी पं. राकेश अयाची ने बताया कि प्रभु श्रीराम को राजा के रूप में दिन में पांच बार गार्ड आफ ऑनर दिया जाता है। सूर्योदय से सूर्यास्त के बाद तक पांच बार पुलिस के जवानों द्वारा उन्हें सशस्त्र सलामी दी जाती है। मंदिर में राजाराम के साथ मैया सीता लक्ष्मण जी सुग्रीव महाराज, नरसिंह जी, हनुमान जी, जामवंत जी और मां दुर्गा जी राम दरबार में उपस्थित हैं। दोपहर 12 बजे से 12ः30 तक राजभोग लगाया जाता है। रात्रि 10 से 10ः30 तक ब्यारू अर्थात रात्रि भोजन होता है। राजा के इस दरबार में शाही परंपरा के अनुसार भक्तों को प्रसाद के रूप में पान और इत्र की काड़ी दी जाती है। देश का पीएम हो या किसी राज्य का सीएम उनका प्रोटोकाॅल यहां लागू नहीं होता। यहां किसी को भी गार्ड आफ ऑनर नहीं दिया जाता है।

Related Articles

Back to top button