अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में महेंद्र सिंह धोनी ने 15 साल पूरे किये

नयी दिल्ली,  अपनी कप्तानी में भारत को दो बार विश्व चैंपियन बनाने वाले महेंद्र सिंह धोनी ने सोमवार को अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में 15 साल पूरे कर लिए ।

38 वर्षीय धोनी ने अपना अंतर्राष्ट्रीय करियर 23 दिसम्बर 2004 को चटगांव में बंगलादेश के खिलाफ शुरू किया था। भारत के सबसे सफल कप्तानों में से एक और दुनिया के सर्वश्रेष्ठ फिनिशर माने जाने वाले धोनी फिलहाल क्रिकेट मैदान से दूर चल रहे हैं और उन्होंने अभी तक स्पष्ट नहीं किया है कि वह क्रिकेट से कब संन्यास लेंगे। धोनी ने 2014 में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया था लेकिन उन्होंने सीमित ओवरों में खेलना जारी रखा।

भारत को 2007 में टी.20 विश्व कप और 2011 में वनडे विश्व कप जिताने वाले धोनी ने अपना आखिरी टी.20 इस साल 27 फरवरी को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बेंगलुरु में खेला था जबकि उनका आखिरी वनडे इस साल 9.10 जुलाई को न्यूजीलैंड के खिलाफ विश्व कप में मैनचेस्टर में था। धोनी विश्व कप के सेमीफाइनल में भारत की न्यूजीलैंड के हाथों पराजय के बाद से क्रिकेट मैदान से बाहर चल रहे हैं।

माही के नाम से मशहूर धोनी ने 90 टेस्ट मैचों में भारत का प्रतिनिधित्व किया है। वह अभी तक वह भारत के लिए 350 वनडे और 98 टी.20 मैच खेल चुके हैं। धोनी ने भारत के लिए टेस्ट में 4876, वनडे में 10773 और टी.20 में 1617 रन बनाए हैं। उन्होंने विकेट के पीछे टेस्ट में 294, वनडे में 444 और टी.20 में 91 शिकार किये हैं। धोनी की तरफ से संन्यास का कोई संकेत नहीं मिलने के बाद उन्हें अगले साल ऑस्ट्रेलिया में होने वाले टी.20 विश्व कप की होड़ में माना जा रहा है।