मां ने तीन बच्चों की हत्या कर आत्महत्या की

गिरीडीह, झारखंड में गिरीडीह जिले के परसन थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक महिला ने अपने तीन बच्चों की हत्या करने के बाद आत्महत्या कर ली।

पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि पुतरेख खुर्द गांव निवासी रविन्द्र यादव की पत्नी सोनिया देवी ने पहले अपने दो मासूम बच्चों को लकड़ी के बक्से में बंद कर आग लगा दी। इसके बाद महिला ने स्वयं एक बच्चे के साथ रजाई में घुसकर आग लगा ली। इस दुर्घटना में दो बच्चों की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि महिला और उसका एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया।

सूत्रों ने बताया कि घायलों को राजधनवार के अस्पताल में भर्ती किया गया जहां इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गयी। घटना के कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका है। मृतक बच्चों में दिलीप कुमार (आठ साल) ,सोनम कुमारी (पांच साल) और छोटू कुमार (दो साल) शामिल है। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिये भेज दिया गया है।

Related Articles

Back to top button