कांग्रेस के नाना पटोले निर्विरोध हुये, महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष

मुंबई ,  कांग्रेस के उम्मीदवार नाना पटोले को रविवार को निर्विरोध महाराष्ट्र विधानसभा का अध्यक्ष चुन लिया गया।
भारतीय जनता पार्टी  ने अपने उम्मीदवार किशन कठोरे का नामांकन वापस ले लिया था।

छप्पन वर्षीय श्री पटोले शिव सेना, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी और कांग्रेस के गठबंधन महाविकास अघाड़ी के उम्मीदवार हैं।

इससे पहले महाराष्ट्र में शिवसेना, राकांपा और कांग्रेस के गठबंधन महाविकास अघाड़ी की अगुवाई में उद्धव ठाकरे की सरकार ने शनिवार को विधानसभा में आसानी से अपना बहुमत साबित कर दिया।

राज्य की 288 सदस्यीय विधानसभा में मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को बहुमत के लिए 145 विधायकों का समर्थन चाहिए था जबकि उनके पक्ष में 169 वोट पड़े।

राज्य विधानसभा में 105 विधायकों वाले सबसे बड़े दल भाजपा ने मतदान से पहले सदन का बहिर्गमन किया जबकि चार विधायक तटस्थ रहे।

कांग्रेस नेता श्री पटोले चार बार विधायक रह चुके हैं और वह विदर्भ की सकोली विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व करते हैं।

श्री पटोले ने 2014 में कांग्रेस छोड़कर भाजपा के टिकट पर लोकसभा का चुनाव लड़ा था। उन्होंने 2017 में भाजपा छोड़कर दोबारा कांग्रेस का दामन थाम लिया था।