Breaking News

भारतीय हॉकी कोचों और तकनीकी अधिकारियों के लिए ऑनलाइन वर्कशॉप

नयी दिल्ली, एशियाई हॉकी महासंघ (एएचएफ) हॉकी इंडिया के कोचों और तकनीकी अधिकारियों के लिए इस महीने विशेष रूप से ऑनलाइन एजुकेशन वर्कशॉप संचालित करने जा रहा है।

एएचएफ इससे पहले जून में विभिन्न एशियाई देशों के हॉकी कोचों और तकनीकी अधिकारियों के लिए इस तरह की वर्कशॉप संचालित कर चुका है और अब हॉकी इंडिया के अनुरोध पर यह भारत के लिए भी यह वर्कशॉप संचालित करने जा रहा है।

एएचएफ चार जुलाई से 19 जुलाई तक कुल 10 वर्कशॉप का आयोजन करेगा जिसका उद्देश्य हॉकी इंडिया के कोच, तकनीक अधिकारियों, अंपायर, अंपायर मैनेजर को उनके क्षेत्र की विभिन्न जानकारी प्रदान करना है।

हॉकी इंडिया ने आठ ऑनलाइन वर्कशॉप में से प्रत्येक के लिए छह उम्मीदवारों का चयन पिछले महीने किया है। इस महीने संचालित होने जा रहे एएचएफ के प्रत्येक वर्कशॉप में 25 कोच और 15 तकनीक अधिकारियों से अधिक लोग शामिल होंगे।

इन ऑललाइन एजुकेशन वर्कशॉप का मकसद अंतरराष्ट्रीय मैचों और टूर्नामेंट के विभिन्न पहलुओं पर तकनीकी विशेषज्ञता और जानकारी प्रदान करना है। इस तरह के वर्कशॉप के लिए किसी तरह का कोई शुल्क नहीं देना होगा। प्रत्येक वर्कशॉप तीन से चार घंटे की होगी और बीच में एक ब्रेक भी मिलेगा।

हॉकी इंडिया के अध्यक्ष मोहम्मद मुश्ताक अहमद ने कहा, “मैं हॉकी इंडिया के कोचों और तकनीकी अधिकारियों के लिए विशेष रूप से ऑनलाइन एजुकेशन वर्कशॉप संचालित करने के अनुरोध को स्वीकार करने के लिए एशियन हॉकी फेडरेशन का धन्यवाद करना चाहूंगा। मुझे विश्वास है कि इन वर्कशॉप से हमारे कोचों और तकनीकी अधिकारियों को बहुत लाभ होगा और वे इससे प्रोत्साहित होंगे। यह उनके लिए अपने संबंधित क्षेत्र के प्रमुख पहलुओं के बारे में अपने घर से जानकारी प्राप्त करने का सुनहरा अवसर है।