Breaking News

किसानों की आय दोगुनी किये जाने हेतु जैविक खेती को दिया जा रहा बढ़ावा

लखनऊ,  उत्तर प्रदेश के कृषि, कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान मंत्री, श्री सूर्य प्रताप शाही के निर्देशन में कृषि विभाग द्वारा किसानों की आय दोगुनी किये जाने हेतु जैविक खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है।
परम्परागत कृषि विकास योजनान्तर्गत चयनित 24 जनपदों में कुल 620 क्लस्टरों का चयन किया गया है। सरकार द्वारा 31000 एकड़ क्षेत्रफल में जैविक खेती को बढ़ावा देने हेतु 31000 कृषकों को लाभान्वित किया जा रहा है।
कृषि विभाग से मिली जानकारी के अनुसार बुन्देलखण्ड क्षेत्र के हमीरपुर जनपद को जैविक खेती के अन्तर्गत माॅडल जनपद बनाने हेतु 140 क्लस्टर में कार्यक्रम संचालित कर पूर्ण कर लिया गया है।
आर0के0वी0वाई0 योजनान्तर्गत पीलीभीत जनपद में जैविक खेती योजान्तर्गत 35 क्लस्टर का गठन कर कार्यक्रम संचालित किये जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त नमामि गंगे योजना के अन्तर्गत चयनित 08 जनपदों में 320 क्लस्टर का गठन कर कार्यक्रम चलाया जा रहा है। झांसी व बांदा में भी आर्गेनिक आउटलेट की स्थापना करायी गयी है।
मृदा में जीवांश कार्बन बढ़ाने हेतु वर्मी कम्पोस्ट यूनिट की स्थापना करायी गयी है। प्रदेश सरकार द्वारा वर्ष 2019-20 में 7840 वर्मी कम्पोस्ट यूनिट की स्थापना करायी गयी है। वर्मी कम्पोस्ट यूनिट की स्थापना योजना के अन्तर्गत 75 प्रतिशत अनुदान अनुमन्य किया जा रहा है।