Breaking News

नागरिकता संशोधन अधिनियम के विरोध में प्रसपा का अर्धनग्न प्रदर्शन, शिवपाल यादव धरने पर

लखनऊ,  नागरिकता संशोधन अधिनियम के विरोध में प्रगतिशील समाजवादी पार्टी ;लोहिया के कार्यकर्ताओं ने उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में प्रदर्शन किया।

प्रसपा के हजारों कार्यकर्ता अर्धनग्न होकर संविधान बचाओ, देश बचाओ के नारे लगा रहे थे। जीपीओ तक पैदल मार्च निकाल रहे कार्यकर्ताओं को पुलिस ने बेरिकेटिंग लगाकर रोका और नहीं मानने पर बल प्रयोग किया। जीपीओ स्थित गाँधी प्रतिमा तक जा रहे कार्यकर्ताओं को रोकने पर प्रसपा प्रमुख शिवपाल सिंह यादव कार्यकर्ताओं के साथ धरने पर बैठ गए।

इस अवसर पर शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि भाजपा सरकार के खिलाफ देश में विरोध और तनाव की स्थिति है। सरकार को ऐसे विभाजनकारी अधिनियम को तत्काल वापस लेना चाहिए। यह देश हित में नहीं है। इस कानून से देश की एकता और अखंडता को खतरा है। सरकार की गलत नीतियों के चलते ही संविधान बचाओ.देश बचाओ के संकल्प के साथ उपवास और शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में विकास, भुखमरी, भ्रष्टाचार और दुष्कर्म जैसी घटनाओं से मुकाबला करने में सरकार फेल नजर आ रही है। देश और प्रदेश के अन्नदाता सबसे ज्यादा परेशान हैं। नागरिक संशोधन कानून का हम पुरजोर विरोध करते हैं। इसमें मुस्लिमों को सूची से बाहर किया जाना न्याय नहीं है।

प्रसपा के वरिष्ठ नेता अशोक यादव ने कहा कि प्रगतिशील समाजवादी पार्टी, बीजेपी और आरएसएस की साजिशों को बेनकाब करेगी। लोगों को सरकार से डरने की जरूरत नही है।