Breaking News

राजनाथ सिंह रूस की तीन दिन की यात्रा पर रवाना होंगे कल

नयी दिल्ली, चीन के साथ सीमा पर चल रही तनातनी के बीच रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बुधवार को रूस की तीन दिन की यात्रा पर रवाना होंगे जहां वह शंघाई सहयोग संगठन के रक्षा मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लेंगे।

रक्षा मंत्री के कार्यालय ने जानकारी दी है कि श्री सिंह बुधवार को तीन दिन की यात्रा पर मास्को रवाना होंगे। इस दौरान वह शंघाई सहयोग संगठन के सदस्य देशों के रक्षा मंत्रियों की बैठक में शामिल होंगे।

चीन के साथ सीमा पर कई महीनों से जारी गतिरोध के बीच श्री सिंह की यह दूसरी रूस यात्रा है। इससे पहले वह

रूस के विजय दिवस परेड समारोह में शामिल होने के लिए मास्को गये थे। इस संगठन में भारत, रूस, चीन, कजाकिस्तान, तजाकिस्तान, उज्बेकिस्तान और पाकिस्तान जैसे देश शामिल हैं।
भारत और पाकिस्तान वर्ष 2017 में ही इस संगठन में शामिल हुए थे।

उल्लेखनीय है कि भारतीय सेना ने रूस में करीब 20 देशों की सेनाओंं के साथ होने वाले बहुपक्षीय सैन्य अभ्यास में कोरोना महामारी के चलते हिस्सा लेने से इंकार कर दिया है। चीन और पाकिस्तान की सेना भी इस अभ्यास में शामिल हो रही हैं।

सूत्रों का कहना है कि भारतीय सेना ने चीन के साथ चल रही तनातनी के कारण ही इस अभ्यास से दूर रहने का निर्णय लिया है।