Breaking News

सड़क दुर्घटनाओं और मृत्युदर में आई कमी

चंडीगढ़,  पिछले वर्ष सड़क दुर्घटनाओं और मृत्युदर में आई कमी और यातायात सुरक्षा के बारे में किया लोगों को जागरुक।

हरियाणा में वर्ष 2020 में गत वर्ष के मुकाबले न केवल सड़क हादसों बल्कि इनमें मरने वालों की संख्या में भी आई है।
राज्य के पुलिस महानिदेशक मनोज यादव ने आज यहां यह जानकारी देते हुये बताया कि वर्ष 2020 में 9431 सड़क दुर्घटनाएं हुईं जो वर्ष 2019 के मुकाबले 13.82 प्रतिशत कम हैं। वर्ष 2019 में प्रतिदिन लगभग 30 सड़क दुर्घटनाएं हुईं वहीं वर्ष 2020 में यह आंकड़ा 26 रहा। इस दौरान इन हादसों में मरने वालों की संख्या में भी वर्ष दर वर्ष आधार पर 10.87 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। उन्होंने बताया कि पुलिस के बेहतर यातायात प्रबंधन, सुरक्षा मानकों में विस्तार, यातायात नियम प्रभावी रूप से लागू करने, सड़क एवं यातायात सुरक्षा जागरूकता के परिणाम स्वरूप सड़क दुर्घटनाओं और इनमें होने वाली मौतों में कमी आई है। हालांकि कोरोनाकाल में सड़कों का वाहनों के कम संख्या में निकलने से भी सड़क दुर्घटनाओं और मौतों में कमी आई।
उन्होंने सड़क सुरक्षा आंकड़े साझा करते हुए बताया कि वर्ष 2020 में सड़क दुर्घटनाओं की संख्या वर्ष 2019 के 10944 के मुकाबले 9431 रही। जबकि मौतों का आंकड़ा क्रमश: 5057 और 4507 रहा। सड़क हादसों में घायल होने वालों का आंकड़ा भी 9362 के मुकाबले 7659 रहा। उन्होंने कहा कि मानव जीवन बहुमूल्य है तथा पुलिस ने दुर्घटना पीड़ितों को तत्काल प्राथमिक चिकित्सा मुहैया कराने और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने के लिए सभी जिलों में 84 एम्बुलेंस, 40 बड़ी क्रेन और 22 छोटी/मध्यम क्रेन मुहैया कराई हैं। इसके अलावा दुर्घटना पीड़ितों की मदद के लिए राष्ट्रीय राजमार्गों के साथ हर 10 किलोमीटर पर 45 ट्रैफिक़ सहायता बूथ भी स्थापित किए गए हैं।
पुलिस महानिदेशक ने बताया कि राज्य में दुर्घटना सम्भावित जगहों ‘ब्लैक स्पॉट‘ की पहचान कर उन्हें प्राथमिकता पर सुधारने, सड़कों की स्थिति में सुधार करने और निर्देशक(साइनेज) लगाने जैसे कार्य भी निरंतर किये जा रहे हैं। इसके अलावा नशा कर वाहन चलाने और अधिक स्पीड वालों पर भी नजर रखी जा रही है जो दुर्घटना के प्रमुख कारणों हैं। वहीं सोशल मीडिया माध्यम से भी यात्रियों को सड़क एवं यातायात सुरक्षा के बारे में जागरूक किया जा रहा है। इन सभी प्रयासों से भविष्य में सड़क दुर्घटनाओं और मृत्युदर में और कमी आएगी।