Breaking News

गणतंत्र दिवस परेड में शामिल झांकियां हुयी पुरस्कृत, यह राज्य व संस्थान आये प्रथम

नयी दिल्ली,  गणतंत्र दिवस परेड में शामिल झांकियों को पुरस्कृत किया गया। रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण ने विजेताओं को पुरस्कार प्रदान  दिये।

पूर्वोत्तर राज्य त्रिपुरा की झांकी को गणतंत्र दिवस परेड में राज्यों की श्रेणी में प्रथम पुरस्कार मिला है जबकि जम्मू-कश्मीर को दूसरा तथा पंजाब की झांकी को तीसरा स्थान मिला है। विभागों की श्रेणी में प्रथम पुरस्कार संयुक्त रूप से केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल और भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद का दिया गया है।

त्रिपुरा की झांकी का थीम “ गांधीवादी तरीके से ग्रामीण अर्थव्यवस्था का सशक्तीकरण’ था।  त्रिपुरा के मुख्यमंत्री विप्लव देव ने ट्वीट किया, “ यह त्रिपुरा के लिए बहुत गौरव का क्षण है। हमारी झांकी ने प्रथम पुरस्कार जीता है। समूची टीम को बधाई जिसने अपनी मेहनत से इसे संभव बनाया। जय हिन्द , जय त्रिपुरा। ”

जम्मू कश्मीर को पिछले 17 वर्षों में पहली बार यह पुरस्कार मिला है।

सीआईएसएफ की झांकी जहां 50 गौरवशाली वर्षों से राष्ट्रीय संपदा की सुरक्षा की थीम पर आधारित थी। वहीं आईसीएआर ने अपनी झांकी को ‘किसान गांधी’ की तर्ज पर तैयार किया था। केंद्रीय लोक निर्माण विभाग (सीपीडब्ल्यूडी) को ‘वंदे मातरम’ पर उसकी झांकी के लिये विशेष पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

सीतारमण ने ‘स्कूली बच्चों द्वारा श्रेष्ठ प्रस्तुति’ के पुरस्कार से नेवी चिल्ड्रन स्कूल, चाणक्यपुरी के बच्चों को सम्मानित किया जबकि इस श्रेणी में सांत्वना पुरस्कार नई दिल्ली के ही किशनगंज स्थित राजकीय प्रतिभा विकास विद्यालय को दिया गया।