Breaking News

देवरिया में झाड़ी में महिला का कंकाल मिलने से फैली सनसनी

देवरिया, उत्तर प्रदेश में देवरिया के सलेमपुर क्षेत्र में गुरूवार को एक महिला का कंकाल मिलने से सनसनी फैल गयी।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि मनिहारी गांव के पास झाड़ी में एक महिला का कंकाल मिला है। ग्रामीणों के मुताबिक झाड़ियों के पास से गुजरने से तेज दुर्गंध आती थी। इस बारे में पुलिस को भी बताया गया था लेकिन किसी ने उस पर तवज्जो नहीं दी। आज गांव में स्थित पौधशाला के माली ने झाड़ी में जाकर देखा तो वहां एक महिला का कंकाल पड़ा हुआ था जिसके अंग इधर-उधर बिखरे हुए थे। सिर धड़ से अलग था, दोनों बाहें कटी हुई थीं। पैर भी कटे थे।

सूत्रों ने बताया कि कंकाल की हालत देखकर प्रतीत होता है कि महिला की हत्या करने के बाद उसके शव को क्षत विक्षत कर गांव में फेंक दिया गया। पुलिस को घटना के काफी दिनों बाद भी शव पड़े होने की जानकारी नहीं हो सकी। फिलहाल शव की शिनाख्त के प्रयास किये जा रहे हैं।