Breaking News

सरकार की नीतियों के खिलाफ सपा कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन

कुशीनगर, उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में बेरोजगारी, बढती महंगाई तथा किसानो के मुद्दे को लेकर समाजवादी पार्टी(सपा) के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को अलग-अलग तहसीलों में धरना प्रदर्शन किया।

सपा कार्यकर्ताओं ने इस दौरान सरकार विरोधी नारे लगाये और प्रदर्शन किया। सपा कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी को सौपा। नवागत जिलाध्यक्ष मनोज यादव के नेतृत्व में पडरौना विधानसभा सभा के कार्यकर्ताओं जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट पहुंचकर घेराव किया और योगी सरकार के नीतियों के खिलाफ राज्यपाल को संबोधित अपर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौपा।

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए विधान परिषद सदस्य रामअवध यादव ने कहा कि केन्द्र की मोदी और प्रदेश की योगी सरकार युवाओं के साथ किए गये वादो को पूरा करने मे असफल साबित हुई है। बेरोजगारों को रोजगार देने, अपराध और मंहगाई रोकने के बजाय यह सरकार किसान संशोधन विधेयक2020 पास कर किसानों पर अत्याचार कर रही।

हाटा विधानसभा क्षेत्र में सपा कार्यकर्ताओं ने पूर्व राज्य मंत्री राधेश्याम सिंह के नेतृत्व मे मे हाटा तहसील परिसर में प्रर्दशन कर राज्यपाल को संबोधित दस सूत्रीय मांगों का ज्ञापन एसडीएम प्रमोद तिवारी को सौपा।

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए श्री सिंह ने कहा कि केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार अपनी नाकामियों को छुपा कर युवाओं को रोजगार छीन रही है। भाजपा ने जनता से जो भी वादा किया था एक भी पूरा नहीं किया। उन्होंने कहा कि योगी सरकार अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए जाति धर्म मजहब की राजनीति कर रही हैं। पूरे प्रदेश में हत्या, लूट, बलात्कार जैसी घटनाएं हो रही है। इसको लेकर जनमानस में भय व्याप्त है।