भाजपा सरकार में महंगाई का अमृतकाल चल रहा- अखिलेश यादव

लखनऊ, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता विरोधी दल  अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार में महंगाई का अमृतकाल चल रहा है। भाजपा ने चुनाव में महंगाई को लेकर जनता से झूठा वादा किया। भाजपा की आर्थिक नीतियां पूरी तरह से विफल है।

महंगाई को लेकर पूरे देश में हाहाकार मचा है। भाजपा की सरकार जबसे सत्ता में आई है महंगाई निरन्तर बढ़ रही है। डीजल, पेट्रोल, गैस, रसोई गैस की कीमतें पहले से ही बढ़ी हुई है। भाजपा सरकार में पेट्रोलियम पदार्थों पर मिलने वाली सब्सिडी लगभग खत्म कर दी गई है।

अखिलेश यादव ने कहा कि पेट्रोलियम पदार्थों के दाम बढ़ाने के बाद भाजपा ने खाद्य तेलों और दाल, चावल, आटा के दाम बढ़ा दिए। अब सब्जियों के आसमान छूती कीमतों ने जनता की कमर तोड़ दी है। लगातार बढ़ती महंगाई से आम जनता कराह रही है। भाजपा सरकार में जमकर कालाबाजारी हो रही है। सरकार को बताना चाहिए कि आखिर इस महंगाई का मुनाफा किसकी जेब में जा रहा है?

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा की नीतियां गरीब, किसान, मध्यमवर्ग विरोधी है। भाजपा की नीतियां पूंजीपतियों और चंद उद्योगपतियों के लिए है। बाकी आम जनता को भाजपा झूठे वादों के जरिए गुमराह कर रही है। भाजपा की गलत नीतियों से बढ़ रही महंगाई, बेरोजगारी, अन्याय और अत्याचार से आम जनता में निराशा है। जनता 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा का सफाया कर देगी।

Related Articles

Back to top button