दिल्ली में कोरोना वायरस के सक्रिय मामले हुए इतने

नयी दिल्ली, राजधानी दिल्ली में शनिवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 4,116 नये मामले सामने से संक्रमितों की संख्या 3.52 लाख के पार पहुंच गयी लेकिन चिंता की बात यह है कि इस दौरान मरीजों के स्वस्थ होने की दर में कमी दर्ज की गयी है जिससे सक्रिय मामलों में वृद्धि हुई है।

दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से जारी आंकड़ों के अनुसार राजधानी में संक्रमितों की संख्या 3,52,520 हो गई। इस दौरान 3,614 और मरीजों के स्वस्थ होने से अब तक कुल 3,19,828 लोग कोरोना वायरस को मात दे चुके हैं। इसके साथ ही कोरोना मरीजों के स्वस्थ होने की दर आंशिक घट कर 90.72 फीसदी रह गई जो शुक्रवार को 90.76 प्रतिशत थी।

इसी अवधि में कोरोना संक्रमण से 36 और मरीजों की मौत होने से इस महामारी से मरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 6,225 हो गयी है।

दिल्ली में पिछले 24 घंटों में 55,641 लोगों जांच की गई और यहां अब तक वायरस के कुल 43,15,329 नमूनों की जांच की जा चुकी है। राजधानी में प्रति 10 लाख पर जांच का औसत आंकड़ा 2,27,123 है।

चिंता की बात यह है कि नये मामलों की तुलना में स्वस्थ लोगों की संख्या कम होने से सक्रिय मामलों में वृद्धि दर्ज की गयी है। राजधानी में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या 466 और बढ़कर आज 26,467 पहुंच गयी जो शुक्रवार को 26,001 थी। इनमें से होम आइसोलेशन में 15,808 लोग भर्ती हैं।

इसबीच राजधानी में निषिद्ध क्षेत्रों में एक बार फिर से वृद्धि दर्ज की है और इनकी संख्या और बढ़कर अब 2840 हो गयी है जो शुक्रवार को 2,777 थी।

Related Articles

Back to top button