Breaking News

अब तानाशाही का होगा अंत : आप

नयी दिल्ली,  आम आदमी पार्टी (आप) ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की जमानत को सत्य की जीत बताते हुए शुक्रवार को कहा कि अब तानाशाही का अंत होगा।

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने सर्वोच्च अदालत के फ़ैसले पर खुशी व्यक्त करते हुए ‘एक्स’ पर कहा,“हनुमान जी की जय। यह लोकतंत्र की जीत है। लाखों-करोड़ों लोगों की दुआओं और आशीर्वाद का फल है। सभी को कोटि कोटि धन्यवाद।”

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अदालत का धन्यवाद करते हुए कहा,“ अब हम लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई को और शिद्दत के साथ लड़ेंगे। अरविंद केजरीवाल एक व्यक्ति नहीं, एक सोच है और अब इस सोच को और तेज़ी के साथ आगे लेकर बढ़ेंगे। ”

‘आप’ नेता एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा ,“ सत्य परेशान हो सकता है, लेकिन पराजित नहीं। आज सुप्रीम कोर्ट का ऐतिहासिक फैसला आया है। लोकसभा चुनाव प्रचार के लिए श्री केजरीवाल को अंतरिम राहत देना एक बहुत ही स्वागत योग्य फैसला है। हम सब लोग इसका स्वागत करते हैं। अब पूरे देश में एक सकारात्मक वातावरण बनेगा। देश के प्रधानमंत्री और भाजपा के अन्याय, अत्याचार और तानाशाही का अंत होगा। अब देश केजरीवाल का कमाल देखेगा। ”

‘आप’ के दिल्ली प्रदेश संयोजक गोपाल राय ने कहा ,“लोकसभा चुनाव लोकतंत्र का महापर्व होता है। इस लोकसभा चुनाव के दौरान जिस तरह से तीन-तीन बार के प्रचंड बहुमत से चुने हुए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को केंद्र की मोदी सरकार ने चुनाव प्रचार करने से वंचित किया था, आज सुप्रीम कोर्ट ने इस देश और लोकतंत्र से मोहब्बत करने वाले लोगों के दिलों में एक उम्मीद की किरण जगाई है। हम दिल्ली के सभी लोगों, देश के संविधान प्रेमियों और पूरी आम आदमी पार्टी की तरफ से सुप्रीम कोर्ट का धन्यवाद करते हैं कि उन्होंने इस तानाशाही के अंधकार युग में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को अंतरिम जमानत देकर एक उजाले की रोशनी जलाई है। ”

श्री राय ने कहा,“ सभी दिल्ली और देशवासियों को हमारा यही संदेश है कि जिस तरह से हमने लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से मिलकर पूरे देश में अपने वोट की ताकत से देश से तानाशाही को खत्म करके लोकतंत्र और संविधान को बचाने का अभियान चलाया है, वह अरविंद केजरीवाल के बाहर आने से और मजबूत होगा। पूरे देशवासी मिलकर इस लडाई को लड़ेंगे और लोकतंत्र व संविधान को बचाकर इस देश को और मजबूत करेंगे। ”

‘आप’ की वरिष्ठ नेता आतिशी ने कहा,“ सुप्रीम कोर्ट के फैसले से सिर्फ श्री केजरीवाल को अंतरिम जमानत नहीं मिली है, बल्कि सत्य की विजय हुई है। इस फैसले से लोकतंत्र और संविधान की विजय हुई है। हमारे देश के इतिहास में जब-जब संविधान और लोकतंत्र खतरे में आया है, तब-तब देश का सुप्रीम कोर्ट सामने आया है। लोकतंत्र की रक्षा करने में सुप्रीम कोर्ट ने बहुत बड़ी भूमिका निभाई है। आज इस देश में तानाशाही की सरकार है। एक ऐसी सरकार जो देश में विपक्ष को खत्म करने की साजिश कर रही है। यह सरकार देश से लोकतंत्र और संविधान को खत्म करने की कोशिश कर रही है लेकिन इस बार इस तानाशाही का अंत होगा और 2024 के लोकसभा चुनाव में ही होगा।”

‘आप’के वरिष्ठ नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा,“ केंद्र की भाजपा सरकार अपनी पूरी मशीनरी लगाकर एक मुख्यमंत्री को जेल में रखना चाह रही थी। ऐसे मामले में जहां पर कई महीनों तक लोगों को जेल में रखा गया है, ऐसे में श्री केजरीवाल को अंतरिम जमानत मिलना किसी चमत्कार से कम नहीं है। यह सुप्रीम कोर्ट के माध्यम से ईश्वर का इशारा है कि देश में जो चल रहा है उसमें बदलाव आना जरूरी है। ”

‘आप’ की नेता प्रियंका कक्कड़ ने कहा,“ हम देश में लोकतंत्र को बचाने के लिए सुप्रीम कोर्ट के आभारी है। श्री केजरीवाल को बहुत ही असाधारण परिस्थितियों में यह अंतरिम जमानत मिली है। जिस तरह से उनपर पीएमएलए जैसे संगीन कानून लगाए गए थे, इसका मकसद सिर्फ भाजपाइयों की बयानबाजी के आधार पर अरविंद केजरीवाल को लोकसभा चुनाव से बाहर जेल में रखना था। यह संविधान को बचाने का आखिरी मौका है। देश के सभी नागरिकों को संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिए आगे आना चाहिए।”