यूपी:छेडछाड़ का विरोध करने पर महिला पर फेंका तेजाब

फिरोजाबाद, उत्तर प्रदेश में फिरोजाबाद के पचोखरा क्षेत्र में छेड़छाड़ का विरोध करने पर चार लोगों ने एक महिला पर तेजाब फेंक दिया। महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दो नामजद आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि पचोखरा क्षेत्र निवासी एक महिला रविवार की रात खेत से लौट रही थी। महिला का आरोप है कि तभी रास्ते में उसे चार युवक मिले जिन्होंने उसके साथ छेडछाड की। महिला द्वारा विरोध किया गया तो आरोप है कि इन युवकों ने उसके ऊपर तेजाब फेंक दिया जिससे वह झुलस गयी। महिला द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने दो नामजद आरोपियों को हिरासत में ले लिया और उनसे पूछताछ कर रही है।

एसएसपी सचिन्द्र पटेल ने बताया कि महिला के ऊपर तेजाब डालने की सूचना मिली थी। महिला को भर्ती कराया गया है। महिला लगभग 23 प्रतिशत जली है। महिला की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। दो नामजद को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है।

Related Articles

Back to top button