यूपी : पूर्व बसपा नेता पिंटू सेंगर की सरेआम गोली मारकर हत्या

कानपुर, उत्तर प्रदेश के कानपुर में पूर्व बसपा नेता पिंटू सेंगर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। कानपुर के चकेरी में हमलावरों ने पूर्व बसपा नेता पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। गंभीर हालत में सेंगर को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुलिस सूत्रों के अनुसार पिंटू सेंगर शनिवार को अपनी इनोवा कार से जेके कॉलोनी आशियाना स्थित सपा के पूर्व जिला अध्यक्ष चंद्रेश सिंह के घर जाने के लिए निकले थे। कार को उनका चालक रूपेश चला रहा था। चंद्रेश के घर के सामने पहुंचने पर फोन पर बात करते हुए पिंटू कार से उतरे और सड़क किनारे खड़े होकर बात करने लगे। इस बीच दो बाइकों पर सवार होकर आए चार बदमाशों ने उनपर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हेलमेट लगाए हमलावरों ने करीब 15 फायर सीधे पिंटू के ऊपर किए, गोली लगने से लहूलुहान होकर पिंटू जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद बदमाश जाजमऊ की ओर फरार हो गए।

पुलिस ने मौके से नाइन एमएम पिस्टल के 11 खोखे बरामद किए हैं। एक कारतूस भी मिला है। घटना की सूचना पर मौके पर एसएसपी दिनेश कुमार प्रभु, एसपी पूर्वी सहित कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस घटना की जांच में जुट गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में हत्यारों को खंगाला जा रहा है। 

मूल रूप से गोगूमऊ निवासी नरेंद्र सिंह उर्फ पिंटू सेंगर चकेरी के मंगला बिहार में परिवार के साथ रहते थे और छात्र राजनीति के बाद राजनीतिक दलों में सक्रिय हो गए थे। बसपा की टिकट पर वह छावनी क्षेत्र से विधानसभा सीट का चुनाव लड़े थे। उनकी मां शांति देवी गजनेर की कठेठी से जिला पंचायत सदस्य हैं और पिता सोने सिंह गोगूमऊ के प्रधान हैं।

पिंटू ठाकुर तब चर्चा में आए थे जब उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री एवं बसपा प्रमुख को चांद पर जमीन देने की पेशकश कर दी थी। इसके बाद से वह बसपा की राजनीति में सक्रिय थे। वर्ष 2007 में पिंटू ने कैंट सीट से बसपा की टिकट पर चुनाव लड़ा था। 

Related Articles

Back to top button