नयी दिल्ली, लोकसभा चुनाव में अब तक के रुझानों में जहां राष्ट्रीय पार्टी भारतीय जनता पार्टी काफी आगे नजर आ रही है, वहीं चार राज्यों के विधानसभा चुनावों में क्षेत्रीय दल का दबदबा कायम नजर आ रहा है।
चार राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों में अपराह्न एक बजे तक के रुझानों में एकमात्र अरुणाचल प्रदेश में ही भाजपा 13 सीटों पर बढ़त बनाये हुए है। ओडिशा में सत्तारूढ़ बीजू जनता दल 78 सीटों पर आगे चल रही है जबकि भाजपा 26 सीटों पर बढ़त के साथ दूसरे नंबर पर है।
आंध्र प्रदेश में वाईएसआर कांग्रेस पार्टी ने जबरदस्त प्रदर्शन किया है और वह 175 में से 150 सीटों पर बढ़ते बनाए हुए हैं जबकि तेलुगू देशम पार्टी 25 सीटों पर आगे है। बढ़त की संख्या को देखते हुए वाईएसआरपी के राज्य की सत्ता पर काबिज होने बढ़ने की संभावना नजर आ रही है।
सिक्किम में अब तक नौ सीटों के ही रुझान आये हैं, जिनमें सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा सात सीटों पर आगे है जबकि राज्य में पिछले 25 साल से सत्तारूढ़ सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंट महज दो सीट पर बढ़त लिए हुए है।