Breaking News

भारत से इस समय खत्म हो जायेगा कोरोना ? स्वास्थ्य मंत्रालय के विशेषज्ञों ने किया दावा?

नई दिल्ली, कोविड -19 महामारी के भारत से समाप्त होने की तिथि बताने का दावा स्वास्थ्य मंत्रालय के विशेषज्ञों की ओर से किया गया है। स्वास्थ्य मंत्रालय के दो वरिष्ठ विशेषज्ञों डा. अनिल कुमार और डा. रुपाली राय ने एक शोध में दावा किया है कि सितंबर के मध्य तक कोरोना की महामारी देश में खत्म हो सकती है।डा. अनिल कुमार स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय में उप महानिदेशक हैं और डा. रूपाली राय सहायक महानिदेशक हैं।

यह शोध एपिडेमीलॉजी इंटरनेशनल जर्नल के ताजा अंक में प्रकाशित हुआ है। शोध में महामारी के खत्म होने को लेकर गणितीय आकलन मशहूर बैली मॉडल के आधार पर किया गया है। बैली मॉडल के अनुसार कोई महामारी उस स्थिति मे खत्म होती है जब उससे संक्रमित लोगों की संख्या के बराबर लोग उस बीमारी से अलग हो जाएं। यहां पर अलग हो जाने का तात्पर्य है कि या तो वे स्वस्थ हो गए हों या बीमारी के कारण उनकी मृत्यु हो जाए। इस मॉडल में महामारी के आकलन के लिए बैली मॉडल रिलेटिव रिमूवल रेट (बीएमआरआरआर) निकाला जाता है, जो स्वस्थ हुए और मर चुके लोगों की संख्या के आधार पर तय होता है।

शोध में 19 मई तक के आंकड़ों का विश्लेषण किया गया है तब तक देश में 106475 संक्रमण हुए थे जिनमें से 42306 स्वस्थ हो गए थे तथा 3302 की मौत हो गई थी। तब बीएमआरआरआर रेट 42 फीसदी था। लेकिन महामारी खत्म तभी होती है जब यह सौ फीसदी के करीब पहुंचता है।

शोध के मुख्य लेखक डा. अनिल कुमार कहते हैं कि अभी बीएमआरआरआर 50 फीसदी तक पहुंच चुका है। हमारी गणना के अनुसार सितंबर के मध्य तक यह सौ फीसदी के करीब पहुंच जाएगा। तब यह महामारी खत्म होगी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यह एक स्टोकेस्टिक मॉडल है और परिणाम इसके चारों ओर के माहौल पर निर्भर करेगा।