Breaking News

ऑनलाइन निशानेबाजी प्रतियोगिता में यशस्विनी सिंह ने जीता स्वर्ण पदक

नयी दिल्ली, विश्व की चौथे नंबर की निशानेबाज यशस्विनी सिंह देशवाल ने पांचवीं अंतरराष्ट्रीय ऑनलाइन निशानेबाजी प्रतियोगिता में रविवार को 10मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता।इस प्रतियोगिता का आयोजन इंडियाशूटिंगडॉटकाम ने किया था।

टोक्यो ओलंपिक का कोटा हासिल कर चुकी यशस्विनी ने 241.7 अंकों के साथ खिताब जीता। पिछले वर्ष रियो डि जेनेरो में आईएसएसएफ विश्व कप में स्वर्ण पदक जीतने वाली यशस्विनी ने क्वालिफिकेशन में 577 का सर्वश्रेष्ठ स्कोर बनाया।

फाइनल में यशस्विनी ने पहले 10 शॉट के बाद शुरुआत में ही बढ़त बना ली थी और उसके बाद लगातार दूसरा खिताब जीतने के लिए खेल पर पूरी तरह से नियंत्रण कर लिया। इससे पहले उन्होंने मई में हुए आईओएससी के चौथे संस्करण में स्वर्ण पदक जीता था।

मिस्र की अहमद नबील दूसरे स्थान पर रहीं जबकि उनकी हमवतन येहया शम्स तीसरे स्थान पर रहीं। इस प्रतियोगिता में 15 देशों के निशानेबाजों ने हिस्सा लिया था।