लखनऊ, पूर्व केन्द्रीय वित्त व विदेश मंत्री यशवंत सिन्हा ने बीजेपी पर बड़ा हमला करते हुये कहा कि आज इमर्जेंसी से बदतर हालत हैं। इस चुनौती से हमें मिलकर निबटना है। उन्होने यह बात आज जयप्रकाश नारायण की 117वीं जयंती पर समाजवादी पार्टी मुख्यालय, लखनऊ मे आयोजित कार्यक्रम में की।
पूर्व केन्द्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा ने कहा कि जब देश में अंधेरा था, तानाशाही के दिन थे जब जयप्रकाश जी ने दूसरी आजादी की लड़ाई लड़ी। आज इमर्जेंसी से बदतर हालत है। इसकी चुनौती से हम मिलकर निबटेंगे। उन्होंने कहा कि लोकतंत्री संस्थाएं खतरे में है। मीडिया को झुकाने का काम हो रहा है। एक निष्पक्ष पत्र के सम्पादक के यहां छापा डाला गया है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सीधा हमला करते हुये कहा कि प्रधानमंत्री मनमानी करते हैं। देश जबर्दस्ती और झूठ से नहीं चलेगा। चाहे जो कुर्बानी देनी पड़े, हम इस लड़ाई को लड़ेंगे। उन्होंने इस लड़ाई मे यूपी की जनता का आह्वाहन करते हुये कहा कि उत्तर प्रदेश से भाजपा की छुट्टी होगी तो पूरे देश से छुट्टी हो जाएगी।
इस समारोह में पूर्व केन्द्रीय वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा के साथ प्रसिद्ध अभिनेता और बाजपा सांसद शत्रुघ्न सिन्हा तथा समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव भी मौजूद थे।