दिल्ली मे भी लागू होगा योगी फार्मूला, दंगाईयों से होगी नुकसान की वसूली

नई दिल्ली, दिल्ली में भड़की हिंसा में बड़े पैमाने पर सार्वजनिक और निजी संपत्ति का नुकसान हुआ है। अब दिल्ली पुलिस ने यूपी पुलिस की तर्ज पर एक अहम फैसला किया है।

दिल्ली में हुई हिंसा के दौरान सार्वजनिक और निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले दंगाइयों से पुलिस जुर्माना वसूल करने की तैयारी कर रही है। जुर्माना नहीं देने पर उनकी संपत्ति कुर्क की जाएगी। पुलिस ने इसके लिए उच्च न्यायालय से एक क्लेम कमिश्नर नियुक्ति करने की गुजारिश भी की है।

पुलिस तकनीकी समिति, तस्वीर, ड्रोन कैमरों से मिले ब्योरे व सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान के आधार पर वसूली शुरू करेगी। एसआईटी और स्थानीय पुलिस को नगर निगम अधिकारियों के साथ मिलकर नुकसान का ब्योरा जुटाने को कहा गया है।जांच रिपोर्ट तकनीकी समिति के सामने रखी जाएगी जो नुकसान का आकलन करेगी। इसके बाद क्लेम कमिश्नर के निर्देश पर वसूली शुरू होगी।

अनुमान के मुताबिक करीब दो सौ से ज्यादा सरकारी व निजी संपत्तियों को आगजनी और तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया गया होगा। इसमें करोड़ों की संपत्ति नष्ट हुई है। जलाए गए वाहनों की संख्या अलग है।

इस हिंसा में अबतक 43 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 250 से अधिक लोग घायल हैं। दिल्ली पुलिस ने हिंसा के विभिन्न मामलों में 123 एफआईआर दर्ज की है जबकि हिंसा से जुड़े मामलों में 630 लोगों की गिरफ्तारी हुई है।

Related Articles

Back to top button