Breaking News

कश्मीर में रात के तापमान में मामूली सुधार, अगले दो दिन में बारिश, हिमपात के आसार

श्रीनगर, जम्मू-कश्मीर में रात के तापमान में मामूली सुधार हुआ है। मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

मौसम विभाग ने कहा कि केन्द्रशासित प्रदेश में अगले 24 घंटों के दौरान मौसम शुष्क रहेगा और यहां अगले 48 घंटों के दौरान मध्यम बारिश या फिर हिमपात होने का अनुमान जताया गया है।

एक स्वतंत्र मौसम पर्यवेक्षक फैजान आरिफ ने यूनीवार्ता को बताया कि केंद्रशासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के कुछ स्थानों पर एक के बाद एक तेजी से पश्चिमी विक्षोभ के कारण हल्की बारिश और हिमपात हो सकती है। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में सात जनवरी को बादल छाए रहेंगे और इक्का दुक्का स्थानों पर बारिश या हिमपात हो सकता है तथा कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या फिर बर्फबारी होने के आसार जताये गए हैं। इसके अलावा आठ जनवरी को कश्मीर और कारगिल में अधिकांश स्थानों पर हल्की/मध्यम बारिश/बर्फ और जम्मू और लेह में कुछ स्थानों पर ऊंची चोटियों पर भारी हिमपात हो सकता है।

उन्होंने कहा कि कश्मीर और कारगिल में अधिकांश स्थानों पर 11 जनवरी को दूसरे पश्चिमी विक्षोभ की आशंका जताया गयी है और विक्षोभ के कारण जम्मू और लेह के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या फिर हिमपात होने का अनुमान जताया गया है। इसके अलावा 12 और 13 जनवरी को जम्मू, कश्मीर और कारगिल के अलावा लेह में कुछ स्थानों पर हल्की या मध्यम बारिश या फिर हिमपात हो सकता है।

जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में आज न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पिछली रात में तापमान शून्य से नीचे 6.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था, जो अब तक का सबसे कम तापमान था। दक्षिण कश्मीर के पर्यटक स्थल पहलगाम न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 8.6 डिग्री सेल्सियस होने के कारण सबसे ठंडा स्थान रहा। जबकि गुलमर्ग में शुक्रवार सुबह न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे पांच डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग ने बताया कि कुपवाड़ा जिले में कल न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 6.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जाे कि इस मौसम को सबसे कम तापमान था। शुक्रवार सुबह यहां न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

उन्होंने कहा कि दक्षिण कश्मीर में श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर काजीगुंड में आज न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि कोकेरनाग में तापमान शून्य से नीचे 4.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।