Breaking News

मुख्यमंत्री ने विपक्ष के हंगामे के बीच पेश किया बजट

रांची,  झारखंड विधानसभा में आज रघुवर दास ने बतौर मुख्यमंत्री चौथी बार वित्तीय वर्ष 2018-19 का 80 हजार करोड़ रुपये का बजट पेश किया। रघुवर इससे पहले तीन बार झारखंड का बजट पेश कर चुके हैं। दूसरी ओर, काला बुर्का पहन कर झामुमो विधायक सदन पहुंचे। इसके चलते स्पीकर ने दो विधायकों को आज के लिए निलंबित कर दिया। इसके विरोध में विपक्ष ने वाकआउट किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार स्कैम झारखंड को स्किल झारखंड बनाने के लिए कृतसंकल्पित है। युवाओं को शिक्षा के साथ स्किल डेवलपमेंट पर फोकस कर उन्हें रोजगार मुहैया कराना मेरी सबसे बड़ी प्राथमिकता है। राज्य सरकार ने गत वर्ष 75 हजार 673 करोड़ रुपये का बजट पेश किया था।

बजट में महिला सशक्तिकरण और पिछड़े जिलों के विकास पर चर्चा की गई। इसके साथ-साथ अनुसूचित जातियों के लिए योजनाओं पर बल दिया गया। इसके अतिरिक्त बजट में यह भी बताया गया कि गोड्डा में कृषि विश्वविद्यालय खोला जाएगा। इसके साथ-साथ यह भी बताया गया कि जिला मुख्यालयों के एक कॉलेज में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई करवाई जाएगी। बजट में यह भी प्रस्ताव रखा गया कि देवघर, रांची और सिमडेगा में फूलों की खेती को बढ़ावा दिए जाने के लिए नई योजनाएं बनाई जाएगी।