Breaking News

शहीदों के लिये मुलायम सिंह ने लिया था यह अहम फैसला-अखिलेश यादव

फिरोजाबाद, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने फौज के शहीदों के लिये  बड़े अहम फैसले लिये थे। अखिलेश यादव फिरोजाबाद के नगला छवैया के करघा गांव में कारगिल शहीद बृजलाल की प्रतिमा का अनावरण करने के बाद आयोजित जनसभा को सम्बोधित कर रहे थे।

 समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपने सम्बोधन में कहा कि भाजपा की गलत नीतियों से आज देश में जवान, किसान और नौजवान सभी दुखी और परेशान हैं। देश की फौज पर देशवासियों को गर्व है। भारत माता की रक्षा के लिए ना जाने कितने वीरों ने अपनी शहादत दी। लेकिन भाजपा की सरकार ने सेना को सम्मान देने के बजाय अपनी राजनीति से अपमानित करने का काम किया है।

 अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादियों को जब भी मौका मिला उन्होंने फौज और फौजियों को सम्मान देने का काम किया है। नेताजी मुलायम सिंह यादव जब रक्षा मंत्री थे तो उन्होंने फैसला लिया था कि शहीद होने के बाद जवानों का शव उनके घर आएगा। उसके पहले केवल बेल्ट और कैप आती थी।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष  ने याद दिलाया कि इसी तरह से नेताजी जब मुख्यमंत्री थे तो जवानों के शहीद होने पर प्रदेश सरकार की तरफ से 5 लाख रुपए की मदद देना शुरू किया था, और जब फिर सरकार बनी तो हमने सेना, पैरामिलिट्री और पुलिस के जवानों को शहीद होने पर ₹20 लाख देकर उनके परिवार की मदद करने का काम किया।

पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि पिछले साढ़े 4 साल में केंद्र की भाजपा सरकार में सेना के 350 जवान शहीद हुए हैं। प्रधानमंत्री बनने से पहले मोदी जी ने कहा था कि उनकी सरकार बनेगी तो एक जवान के सिर के बदले 10 सिर लेकर आएंगे, लेकिन केंद्र में सरकार बनने के बाद मोदी जी के वादो का क्या हुआ? उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग अब जवानों की शहादत पर चर्चा करने के बजाय देश को मंदिर- मस्जिद और हिंदू- मुस्लिम  के बहस में उलझा रहे हैं।