Breaking News

युवा हॉकी प्रतिभाओं को अपना कौशल दिखाने मंच है राष्ट्रीय महिला हॉकी लीग

नयी दिल्ली, हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने गुरुवार को कहा कि राष्ट्रीय महिला हॉकी लीग युवा हॉकी प्रतिभाओं को अपना कौशल दिखाने और उच्चतम घरेलू स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने के लिए एक मंच प्रदान करती है।

रांची के मारंग गोमके जयपाल सिंह एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में हॉकी इंडिया के महासचिव ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि लीग का पहला चरण 30 अप्रैल से नौ मई तक रांची में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह भारत में महिला हॉकी के लिए एक ऐतिहासिक क्षण है। उन्होंने कहा कि अपनी तरह की यह पहली घरेलू लीग देश में शीर्ष महिला हॉकी प्रतिभा का रोमांचक प्रदर्शन देखने को मिलेगा।

भोला नाथ सिंह ने कहा कि उद्घाटन चरण में 14वीं हॉकी इंडिया सीनियर महिला राष्ट्रीय चैंपियनशिप की शीर्ष आठ टीमें हॉकी हरियाणा, हॉकी महाराष्ट्र, हॉकी झारखंड, हॉकी मध्य प्रदेश, हॉकी बंगाल, हॉकी मिजोरम, मणिपुर हॉकी,

हॉकी एसोसिएशन ऑफ ओडिशा शामिल होंगी।

उन्होंने कहा कि युवा प्रतिभाओं को निखारने की अपनी प्रतिबद्धता के तहत लीग में 21 वर्ष से कम उम्र के खिलाड़ियों को शामिल किया जाएगा। यह प्रतियोगिता राष्ट्रीय टीम के लिए प्रतिभा की पहचान करने और उसे निखारने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच के रूप में भी काम करेगी।