गाजीपुर, पूर्व मख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि मोदी अमीर का नाम है, किसी गरीब का नाम नहीं हो सकता है। अखिलेश यादव यूपी के पूर्व मंत्री ओपी सिंह के पिता के निधन पर शोक संवेदना प्रकट करने गाजीपुर जिले मे सेवराई स्थित उनके घर पहुंचे थे।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी गरीब का नाम मोदी नहीं हो सकता। मोदी उद्योगपति और संपन्न लोगों का नाम होता है। दरअसल यह कहकर अखिलेश यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है। पीएम मोदी अक्सर अपने को गरीब परिवार का बतातें हैं। जबकि मोदी टाईटल के चर्चित नामों मे पीएनबी में हजारों करोड़ का घोटाला करने वाले नीरव मोदी, देश से करोड़ों का घोटाला कर भागे पूर्व आईपीएल कमिश्नर ललित मोदी, बिहार के उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी और स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आदि सभी अमीर लोगों के ही नाम शामिल हैं।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने यह भी आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की साजिश से ही पीएनबी में हजारों करोड़ का घोटाला हुआ है। भाजपा सरकार केवल उद्योगपतियों को पैसा दे रही है और उद्योगपति पैसा लेकर विदेश भाग जा रहे हैं। अब तक 15 हजार उद्योगपति देश छोड़ चुके हैं।
अखिलेश यादव ने कहा कि सांप्रदायिक ताकतों को सत्ता से बेदखल करना जरूरी है। उन्होने कहा कि सपा की कोशिश रहेगी सभी दल गठबंधन के लिए साथ आएं। इसके लिए वह किसी भी दल से समझौता करने को तैयार हैं। आगामी लोकसभा चुनाव में विपक्षी दलों का एक मंच पर आना होगा। उन्हें बसपा और कांग्रेस से भी परहेज नहीं है।उनकी पहली प्राथमिकता देश की अखंडता को बचाना है।
अखिलेश यादव ने कहा कि योगी सरकार प्रदेश में खराब पड़ी कानून-व्यवस्था को सुधार नहीं पा रही है। सूबे में इन दिनों ताबड़तोड़ एनकाउंटर हो रहे हैं। इनमें भी काफी भेदभाव बरता जा रहा है। हर स्तर पर कमजोर का एनकाउंटर किया जा रहा है, बड़े बदमाश आराम से अपने काम को अंजाम दे रहे हैं। लखनऊ में भाजपा के विधायक रहे शख्स के बेटे की हत्या हो गई, अभी तक कोई नहीं पकड़ा गया।