Breaking News

उत्तर प्रदेश में 25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार

मेरठ , उत्तर प्रदेश में मेरठ जिले के किठौर क्षेत्र में हुई पुलिस मुठभेड़ में 25 हजार रुपये का इनामी वांछित बदमाश मोहित गुर्जर घायल हो गया,जिसे गिरफ्तार कर लिया जबकि उसका साथी फरार हो गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय साहनी ने शुक्रवार को यहां यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गुरुवार रात करीब साढ़े नौ बजे किठौर इलाके में माछरा मार्ग पर थाना प्रभारी रोजन्त त्यागी पुलिस बल के साथ चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान बाइक सवार दो संदिग्ध लोगों को रोकने का प्रयास किया। खुद को घिरा देख बदमाश पुलिस पर गोली चलाते हुए भागने लगे। पुलिस ने अपने बचाव में फायरिंग की जिसमें 25 हजार का इनामी बदमाश मोहित गुर्जर घायल हो गया,जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है। घायल बदमाश को अस्पताल भेज दिया गया है।

उन्होंने बताया कि इस दौरान उसका साथी संदीप गुर्जर भागने में सफल रहा। घायल बदमाश के पास से तमंचा और कारतूस के अलावा बाइक बरामद की गई। इसके खिलाफ छह मामले दर्ज हैं। यह बदमाश काफी समय से फरार चल रहा था। इसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।