Breaking News

भाजपा का रथ लखनऊ से रवाना

bjp-rathलखनऊ,  उत्तर प्रदेश की सत्ता को हथियाने के उद्देश्य से भाजपा सूबे में चार परिवर्तन रथ यात्रायें निकालने जा रही है। इसकी शुरुआत पांच नवम्बर को सहारनपुर से होगी। परिवर्तन यात्रा का पहला रथ गुरुवार को राजधानी लखनऊ से सहारनपुर के लिए वैदिक मंत्रोचारण के साथ रवाना हुआ। भाजपा के प्रदेश मुख्यालय से यह रथ आज अपराह्न में करीब दो बजे सहारनपुर के लिए रवाना हुआ। इससे पूर्व पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य, राष्ट्रीय सचिव व रथ यात्रा संयोजक महेंद्र सिंह और अन्य पदाधिकारियों ने पूजा-पाठ किया। पांच नवम्बर को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह सहारनपुर से पहली परिवर्तन रथ यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह सहारनपुर को छोड़कर हर यात्रा के शुभारम्भ के वक्त मौजूद रहेंगे। पार्टी की दूसरी रथ यात्रा छह नवम्बर को झांसी से जबकि तीसरी सात नवम्बर को सोनभद्र और चौथी यात्रा आठ नवम्बर को बलिया से शुरू होगी। अध्यक्ष अमित शाह चारों परिवर्तन यात्राओं को हरी झंडी दिखायेंगे। भाजपा की इन यात्राओं का उद्देश्य मिशन 265 प्लस का लक्ष्य हासिल करना है। पार्टी इसमें अपराध, भ्रष्टाचार, कुशासन एवं लोगों की बुनियादी जरूरतों के मुद्दे को उठायेगी और विकास का अपना एजेंडा लोगों के समक्ष पेश करेगी। रथ रवाना करने के बाद केशव मौर्य ने पत्रकारों को बताया कि चारों रथ यात्राएं 192 दिन तक चलकर करीब 17 हजार किलोमीटर की दूरी तय करेंगी। उन्होंने बताया कि पांच नवम्बर को सहारनपुर से शुरु हो रही पहली परिवर्तन यात्रा 50 दिन की है। यह यात्रा 109 विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेगी। झांसी से छह नवम्बर को प्रारम्भ हाने वाली दूसरी यात्रा 49 दिनों में 79 विधानसभा क्षेत्रों को कवर करेगी जबकि सोनभद्र से निकलने वाली यात्रा 47 दिन की है और यह 108 विधानसभा क्षेत्रों में भ्रमण करेगी। इसी तरह पूर्वांचल के बलिया से प्रारम्भ होने वाली यात्रा 46 दिन में 107 विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेगी। केशव ने बताया कि इन यात्राओं के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की छह जनसभाएं प्रस्तावित हैं। साथ ही 380 विधानसभा क्षेत्रों और सूबे के सभी 75 जिला मुख्यालयों पर भी जनसभाएं होंगी। इसके अलावा 36 बड़ी जनसभाएं प्रस्तावित हैं, जिन्हें राष्ट्रीय स्तर के नेता सम्बोधित करेंगे। प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि परिवर्तन यात्राओं के दौरान मिस्ड काॅल के माध्यम से भी लोगों को पार्टी से जोड़ा जायेगा। इसके लिए पार्टी ने एक मोबाइल नम्बर-7505403403 जारी किया है। पार्टी ने चारों यात्राओं के लिए ह्वाट्सऐप नम्बर भी जारी किया है। सहारनपुर यात्रा का ह्वाट्सऐप नम्बर-8317049627, झांसी का-8317048518, सोनभद्र का-8317048504 और बलिया का ह्वाट्सऐप नम्बर-8317047339 है। चारों यात्राओं के लिए भाजपा ने परिवर्तन यात्रा रथ का निर्माण लखनऊ में ही करवाया है। भगवा में रंगे इन रथों को अत्याधुनिक और हाइटेक बनाया गया है। आयशर बस पर बने इन रथों में हाइड्रोलिक लिफ्ट लगी है। विश्राम कक्ष, वॉश रूम और टायलेट के अलावा इन रथों में कांफ्रेस कक्ष भी बना है। इन पर परिवर्तन यात्रा की थीम और लोगो लगाया गया है। इनमे इंटरनेट और वाई-फाई की सुविधा भी उपलब्ध है। रथ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी अध्यक्ष की तस्वीर प्रमुखता से उभारी गयी है। केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, कलराज मिश्र, उमा भारती और प्रदेश अध्यक्ष केशव मौर्य की तस्वीरें भी रथ में लगी हैं। परिवर्तन रथ पर न गुंडाराज, न भ्रष्टाचार, अबकी बार बीजेपी सरकार तथा पूर्ण बहुमत सम्पूर्ण विकास, अबकी बार बीजेपी सरकार जैसे नारों का भी उल्लेख है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *