Breaking News

सपा विधायक पीपी सिंह का आत्मसमर्पण, जेल जाना तय

लखनऊ, समाजवादी पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव जमीन कब्जा करने के साथ ही अवैध काम करने वाले पार्टी के नेता तथा कार्यकर्ता के प्रति बेहद गंभीर हैं। इसी के बीच देवरिया से विधायक प्रेम प्रकाश सिंह उत्तराखंड में जमीन कब्जा करने के मामले में फंसे हैं। प्रेम प्रकाश सिंह ने उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी राम अवध सिंह को आवंटित जमीन पर कब्जा कर लिया है। इस मामले में आज प्रेम प्रकाश सिंह ने कोर्ट तथा पुलिस का कड़ा रुख देखकर आत्मसमर्पण कर दिया है। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी की जमीन पर कब्जा करने के मामले में फंसे प्रेम प्रकाश सिंह देवरिया के बरहज से समाजवादी पार्टी के विधायक हैं। उन्होंने आज रुद्रपुर कोर्ट मे आत्मसमर्पण किया। प्रेम प्रकाश सिंह ने जमानत की अर्जी दाखिल नहीं की है। ऐसे में उनका जेल जाना तय माना जा रहा है। कोर्ट ने इस मामले में बीते महीने विधायक की पत्नी, बहू और बेटे को जेल भेजा था। इस मामले मे स्वतंत्रता संग्राम सेनानी की बेटी ने केस दर्ज कराया था। प्रेम प्रकाश सिंह के साथ इस मामले मे गवाही देने वाले रुद्रपुर के निवासी नवनाथ और प्रेमनारायण ने भी कोर्ट मे समर्पण किया है। नवनाथ ने तो जमानत के लिए अर्जी दाखिल की है लेकिन प्रेमनारायण और प्रेम प्रकाश सिंह की और से कोई अर्जी दाखिल नहीं की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *